
रामप्रस्था बिल्डर पर ED का ऐक्शन, गुरुग्राम में 80 करोड़ की संपत्तियां जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय ने रामप्रस्था प्रमोटर्स एंड डिवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) में चल रही कार्रवाई के तहत 80.03 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को जब्त किया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय ने रामप्रस्था प्रमोटर्स एंड डिवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) में चल रही कार्रवाई के तहत 80.03 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को जब्त किया है। यहां संपत्तियां गुरुग्राम के वाटिका और यूनिटैक समूह में हैं।
रामप्रस्था ने घर खरीदारों से वसूली गई राशि को इन कंपनियों में डाला था। ईडी की तरफ से आर्थिक अपराध शाखा, नई दिल्ली और हरियाणा में दर्ज मुकदमों के आधार पर जांच की जा रही है। बिल्डर ने प्लॉट और फ्लैट खरीदारों ने 10 से 14 साल पहले राशि ले ली थी, लेकिन उन्हें प्लॉट और फ्लैट नहीं देकर उनके साथ धोखाधड़ी की। ईडी ने जांच में पाया है कि रामप्रस्था ने साल 2008 से लेकर साल 2011 के दौरान सेक्टर-37डी, 92, 93 और 95 स्थित परियोजना रामप्रस्था ऐज, स्काईज, रामप्रस्था सिटी को शुरू किया था।
तीन से चार साल के अंदर फ्लैट या प्लॉट का कब्जा देने का वायदा खरीदारों को किया था। 2600 से अधिक घर खरीदारों से करीब 1100 करोड़ रुपये वसूले गए थे। आरोप है कि निर्माण के बजाय इस राशि को ऋण, अग्रिम भुगतान और भूमि लेन-देन में डायवर्ट कर दिया। इस मामले में ईडी ने 21 जुलाई को रामप्रस्था के दोनों निदेशक अरविंद्र वालिया और संदीप यादव को गिरफ्तार किया था, जो अभी भी जेल में हैं।
ठेकेदार पर पांच करोड़ का जुर्माना
वहीं, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने एसपीआर पर लगते सेक्टर-68 से लेकर 75 तक बरसाती नालों के निर्माण में देरी पर ठेकेदार पर करीब 5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। एक साल बीतने के बावजूद अब तक बरसाती नालों का निर्माण 10 प्रतिशत हुआ है।
जीएमडीए ने पिछले साल एक नवंबर को सेक्टर-68 से लेकर 75 तक मुख्य बरसाती नाला निर्माण का टेंडर एक कंपनी को करीब 51 करोड़ रुपये में आवंटित किया था। इस कंपनी ने 22 महीने के अंदर करीब साढ़े 17 किमी लंबा नाला तैयार करना था। 13 माह बीतने पर भी कंपनी ने सिर्फ 1.7 किमी लंबा बरसाती नाला तैयार किया है। अगले साल 23 अगस्त तक इस कंपनी ने बरसाती नाला तैयार करना है।





