नोएडा-ग्रेनो में कल से ई-बसें चलेंगी, तीनों प्राधिकरणों ने अपने-अपने रूट तय किए; यहां देखें लिस्ट
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में कल से ई-बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल रूप से इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। जिले के तीनों प्राधिकरणों ने बसों को चलाने के लिए अपने-अपने रूट तय कर लिए हैं।

नोएडा एयरपोर्ट से हवाई सफर शुरू होने से पहले जिले में ई-बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। इसकी शुरुआत 12 जून से होने जा रही है। मुख्यमंत्री लखनऊ से वर्चुअल रूप से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। पहले दिन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण 10-10 बसों से शुरुआत करेंगे। आने वाले दिनों में तीनों प्राधिकरण मिलकर 100 बसें चलाएंगे। नोएडा में बसों को हरी झंडी दिखाने से संबंधित कार्यक्रम सेक्टर-33ए शिल्पहाट में रखा गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को प्राधिकरण के अधिकारी दिनभर तैयारियों में जुटे रहे।
महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि नोएडा, ग्रेनो और यमुना प्राधिकरण एक निर्धारित स्थान पर अपने-अपने क्षेत्र में 10 बसों को खड़ा कर शुरुआत करेंगे। प्राधिकरणों की ओर से निर्धारित रूट पर बसें चलाई जाएंगी। आने वाले दिनों में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभी जो चार रूट बनाए गए हैं, उनको अंतिम रूप दिया जा रहा है। बसों का न्यूनतम 20 और अधिकतम 50 रुपए किराया होगा।
यीडा के रूटों में संशोधन
यीडा क्षेत्र के सेक्टर-28 में मेडिकल डिवाइस पार्क के पास इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत के लिए कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही यीडा ने अपने रूटों में बदलाव किया है। एसीईओ राजेश कुमार ने बताया कि बसों के रूटों में संशोधन किया गया है। अब नए रूट प्रस्तावित किए गए हैं। 12 जून से बसों के संचालन को लेकर तैयारी है। मुख्यमंत्री लखनऊ से ही बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं, ग्रेनो में इलेक्ट्रिक बसों को नॉलेज पार्क-5 और दादरी में हरी झंडी दिखाई जाएगी। ग्रेटर नोएडा में प्रथम चरण में चार रूटों पर बसें चलेंगी। तय किए गए मार्गों पर ई बसें चलने से एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान होने के साथ ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच भी आवागमन सुगम हो जाएगा।
यूपी कैबिनेट ने 100 और बसों को मंजूरी दी
प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि अभी नोएडा 50, ग्रेनो व यमुना 25-25 बसें चलाने जा रहे है। इन 100 बसों के अलावा यूपी कैबिनेट ने 100 और बसें चलाने की मंजूरी दे दी है। ऐसे में इस साल के अंत तक करीब 200 बसें जिले में चलेंगी।
नोएडा में बसों के रूट
● सेक्टर-90 (डिपो), बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट गौर चौक एक मूर्ति तक।
● सेक्टर-90 (डिपो), बॉटनिकल गार्डन (प्रारम्भ बिंदु) से जेवर एयरपोर्ट तक।
● सेक्टर-90 (डिपो),बॉटनिकल गार्डन (प्रारम्भ बिंदु) से सेक्टर-62 (अंतिम बिंदु)।
● सेक्टर-90 (डिपो) बॉटनिकल गार्डन (प्रारम्भ बिंदु) से फेस-2 नोएडा, सूजरपुर कलेक्ट्रेट ग्रेटर नोएडा (अंतिम बिंदु)।
● इसके अलावा ये बस सरायकाले खां, आनंद विहार , गाजियाबाद और आईएसबीटी तक जाएंगी।
यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित रूट
रूट-1: रबूपुरा से शुरू होकर सेक्टर 21, 20, 18, गौड़ यमुना सिटी, सलारपुर अंडरपास, दनकौर गोल चक्कर, सेक्टर 17ए, सेक्टर 26ए, गलगोटिया विश्वविद्यालय, एनआईयू, एसीपी-3 जोन-3 कार्यालय, जीबीयू, जिम्स, यीडा कार्यालय, पी-3 गोल चक्कर, परी चौक, जगत फार्म, जिला न्यायालय, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, सूरजपुर।
रूट-2: मकनपुर व मकनपुर खादर के (टी-प्वाइंट) से शुरू होकर लतीफपुर, मोमदीपुर, कादलपुर, अट्टा फतेहपुर, क्षेत्रीय कार्यालय यीडा सेक्टर-22 डी मूंजखेड़ा, सलारपुर, दनकौर, गलगोटिया, एनआईयू, एसीपी-3 जोन-3 कार्यालय, जीबीयू, जिम्स, यीडा कार्यालय, पी-3 गोल चक्कर, परी चौक, जगत फार्म, जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट, सूरजपुर।
रूट-3: जहांगीरपुर, चिंगरावली, झाझर, मुतैना, भट्टा पारसौल मोड़, उस्मानपुर, दनकौर, सलारपुर अंडरपास (तिरंगा चौक), दनकौर (द्रोणाचार्य डिग्री कॉलिज मोड़), दनकौर बिजली घर, समसपुर, कनारसी, बिलासपुर, बिलासपुर नहर, गिरधरपुर, पंचायतन, घंघौला, लड़पुरा, सिरसा, कासना, होण्डा चौक, परी चौक, जगत फार्म, जिला न्यायालय, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, सूरजपुर।
रूट-4: जहांगीरपुर, अली अहमदपुर उर्फ गढ़ी नीमका, चौरोली मोड़, माडलपुर, जेवर तहसील, धनसिया, दस्तमपुर, डुढ़ेरा, सिवारा, ठाकुर हीरी सिंह चौक, खेड़ा अंडरपास, रूस्तमपुर, रौनिजा, सेक्टर-33, 32, मोहाबलीपुर, बकापुर, थोरा, दयानतपुर, नंगला हुकम सिंह, मेडिकल डिवाइस पार्क, गौड़ यमुना सिटी, दनकौर, नंगला, भटौना, तिरथली, फलैदा कट, फिल्म सिटी, दनकौर, गलगोटिया, एनआईयू, एसीपी-3 जोन-3 कार्यालय, जीबीयू, जिम्स, परी चौक, जगत फार्म, जिला न्यायालय, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, सूरजपुर।
ग्रेनो में ये रूट तय
● ग्रेनो वेस्ट में चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक चार बसें चलेगी।
● चार मूर्ति से 130 मीटर चौड़ी सड़क और जिम्स होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक चार बसें चलेंगी।
● ग्रेनो ईस्ट इलाके में 130 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित मकौड़ा गोलचक्कर से नासा पार्किंग और सेक्टर पी-7 होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक चार बसें चलेगी।
● सेक्टर-16 से तिलपता गोलचक्कर, स्वर्णनगरी, यथार्थ अस्पताल और जीबीयू होते हुए एयरपोर्ट तक तीन बसें चलेगी।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


