
Dwarka Expressway : द्वारका एक्सप्रेसवे पर आज से लगेगा टोल टैक्स, खेड़की दौला पर राहत; देखें नए रेट
Dwarka Expressway : द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर रविवार से टोल टैक्स वसूलना शुरू किया जाएगा। इसके अलावा खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर नई दरें लागू हो गई हैं। वहीं, दिल्ली और गुरुग्राम से एनएच-48 से होते हुए दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले लोगों को अब टोल नहीं देना होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारका एक्सप्रेसवे पर नौ नवंबर सुबह 8 बजे से टोल वसूलना शुरू कर देगा। इसी के साथ गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा पर भी नई दरें लागू हो गई हैं। हालांकि, टोल शुरू होने से स्थानीय निवासियों में थोड़ी चिंता है, लेकिन 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए मासिक पास की सुविधा बड़ी राहत लेकर आई है।
दिल्ली और गुरुग्राम से एनएच-48 से होते हुए एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले लोगों को अब टोल नहीं देना होगा। रविवार से एयरपोर्ट के पास बना टोल प्लाजा को बंद कर दिया गया है। इसी कारण खेड़की दौला टोल प्लाजा की दरों को एनएचएआई के द्वारा बढ़ाया गया है।
खेड़की दौला टोल प्लाजा पर नई दरें लागू होने के बाद नए गुरुग्राम के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सरकार बीते छह सालों से टोल हटाने के लिए आश्वासन दे रही है, लेकिन आज तक टोल नहीं हटाया जा सका। अब खेड़की दौला टोल प्लाजा की दरो में 19 प्रतिशत से लेकर तीन गुना तक रेट बढ़ाना लोगों के साथ अन्याय है। टोल शिफ्ट करने को लेकर सिर्फ वायदे हो रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

एक साल बाद टोल वसूली
गुरुग्राम के 10 किलोमीटर के हिस्से में पड़ने वाले द्वारका एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह 8 बजे से एनएचएआई के द्वारा टोल वसूलना शुरू हो जाएगा। गुरुग्राम हिस्से का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2024 में किया था। बीते एक साल से एनएचएआई के द्वारा टोल नहीं वसूला जा रहा था।
दीपक मैनी, चैयरमैन प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एडं इंडस्ट्री, ''बढ़ाए टोल दरों के फैसले को सरकार को जल्द वापस लेना चाहिए। सुविधाएं बढ़ नहीं रही हैं और टोल की दरें बढ़ती जा रही हैं। इससे उद्योगों के लिए परेशानी पैदा हो रही है। उद्यमियों के हित को देखते हुए सरकार को फैसले लेने होंगे।''





