काम की बात: द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर जाना होगा आसान, गुरुग्राम के शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर बनेगा नया फ्लाईओवर

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर-84) से आईएमटी मानेसर तक के सफर को रफ्तार देने की तैयारी है। इसके लिए शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है। यह फ्लाईओवर 3-3 लेन का होगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। 

द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर जाना होगा आसान, गुरुग्राम के शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर बनेगा नया फ्लाईओवर

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-84 स्थित ऐलान मॉल से आईएमटी मानेसर तक का सफर सुगम करने की तैयारी गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से की जा रही है। शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना है।

पिछले सप्ताह उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों की एक बैठक ली थी। इसमें मॉनसून के अलावा मिलेनियम सिटी की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की योजना बनाने की रणनीति तैयार करने के निर्देश जारी किए थे। उद्योग मंत्री ने निर्देश जारी किए थे कि द्वारका एक्सप्रेसवे के सेक्टर-84 स्थित ऐलान मॉल से आईएमटी मानेसर तक जा रही सड़क को बेहतर बनाया जाए। शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर भी फ्लाईओवर का निर्माण किया जाए।

फ्लाईओवर के निर्माण पर आएगी 40 करोड़ रुपये लागत

ऐलान मॉल से लेकर आईएमटी मानेसर तक मुख्य सड़क पर दो मुख्य चौराहे हैं। इनमें एक चौराहा दादी सती चौक है, तो दूसरा शहीद राव रणजीत सिंह चौक है। दादी सती चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंजूरी प्रदान कर दी है। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार हो चुकी है। इस फ्लाईओवर के निर्माण में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में तीन-तीन लेन के इस फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर भी जारी हो जाएगा। इस चौक से करीब डेढ़ किमी की दूरी पर शहीद राव रणजीत सिंह चौक (सेक्टर-86, 87, 90, 91 चौराहा) है। मौजूदा समय पर इस चौराहे पर यातायात का दबाव अधिक है।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात दबाव कम होगा

गुरुग्राम से रोजाना हजारों की संख्या में कर्मचारी आईएमटी मानेसर में काम करने के लिए जाते हैं। जीएमडीए ने साल 2024 में इस मुख्य सड़क के निर्माण के लिए एक कंपनी को करीब 49 करोड़ रुपये का टेंडर आवंटित किया था। इसके तहत अधिकांश कार्य किया जा चुका है। मुख्य रोड को तीन-तीन लेन का बनाने के साथ-साथ सर्विस रोड का निर्माण करीब छह किमी लंबी रोड पर किया जाना प्रस्तावित है। इस मुख्य सड़क पर दो चौराहे बनने के बाद अधिक संख्या में वाहन चालक इसका इस्तेमाल करेंगे। इससे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात दबाव कम हो जाएगा।

प्रवीण कुमार, अधीक्षण अभियंता, जीएमडीए, ''शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की संभावनाओं को तलाशा जाना है। इसकी फिजिबिलिटी सर्वे के साथ-साथ डीपीआर तैयार करवाई जाएगी। दादी सती चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए अगले सात दिन में टेंडर जारी कर दिया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।