
थप्पड़ कांड में DUSU की जॉइंट सेक्रेटरी दीपिका झा पर ऐक्शन; 2 माह के लिए सस्पेंड
डीयू प्रशासन ने डूसू की जॉइंट सेक्रेटरी दीपिका झा को दो महीने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के संयुक्त सचिव पद से सस्पेंड कर दिया है। इस अवधि के दौरान वह डीयू के किसी कॉलेज में प्रवेश भी नहीं कर सकेंगी।
डूसू की जॉइंट सेक्रेटरी दीपिका झा को दो महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। इस अवधि के दौरान उनके डीयू के किसी कॉलेज में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की संयुक्त सचिव दीपिका झा पर बीआर अंबेडकर कॉलेज में प्रो. सुजीत कुमार को थप्पड़ मारने के आरोप थे। जारी आदेश में कहा गया है कि दीपिका झा लिखित रूप से प्रो. सुजीत कुमार से माफी भी मांगेंगी।
इस घटना को लेकर शिक्षकों में भारी नाराजगी देखी जा रही थी। दिल्ली विश्वविद्यालय ने शिक्षक पर हमले की घटना की जांच के लिए 6 सदस्यीय कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने मामले की जांच की और अपनी रिपोर्ट दी थी। अब कमेटी की रिपोर्ट पर दीपिका झा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
जारी आदेश में कहा गया है कि समिति ने निष्कर्ष निकाला है कि दीपिका झा का आचरण एक छात्रा और डूसू के पदाधिकारी के रूप में अशोभनीय था। यह घटना विश्वविद्यालय समुदाय में अपेक्षित अनुशासन और मर्यादा का गंभीर उल्लंघन है। विश्वविद्यालय के नियम कानून के तहत हमले का यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।
अत: समिति की सिफारिशों के आधार पर दीपिका झा को शर्तों के साथ तत्काल प्रभाव से 2 महीने के लिए संयुक्त सचिव (DUSU) के पद से निलंबित किया जाता है। निलंबन के दौरान उन्हें दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध किसी भी कॉलेज के परिसर में प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी। यही नहीं दीपिका को अपने अनुचित व्यवहार के लिए प्रोफेसर सुजीत कुमार से लिखित माफी भी मांगनी होगी।
अंबेडकर कॉलेज के शिक्षक सुजीत कुमार की मानें तो उनके कॉलेज के एक छात्र ने किसी छात्र प्रतिनिधि के साथ मारपीट की थी। आरोपी पर पहले भी मारपीट के आरोप लगे थे। इसको लेकर उन्होंने आरोपी छात्र को सस्पेंड कर दिया था। इस ऐक्शन पर आरोपी छात्र ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पदाधिकारियों को बुला लिया था। इस मसले को लेकर प्रिंसिपल के कमरे में पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हो रही थी।
दीपिका झा पर आरोप है कि बातचीत के दौरान ही उन्होंने आपा खो दिया और प्रो. सुजीत कुमार को थप्पड़ मार दिया था। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया था। इस घटना को लेकर डीयू शिक्षक संघ ने भारी नाराजगी जताई थी। शिक्षक संघ का कहना था कि यह एक शिक्षक की गरिमा पर चोट है। किसी भी संस्थान में बदसलूकी और हिंसा की कोई जगह नहीं है।





