डूसू चुनाव: रोक के बावजूद निकला जुलूस, दिल्ली HC का डीयू से जवाब तलब
मनाही के बावजूद डीयू में विजय जुलूस निकालने के आरोप लगे हैं। हाईकोर्ट ने इस मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय से जवाब मांगा है। अदालत ने याचिकाकर्ता को उल्लंघन के सबूत सौंपने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में जीत के बाद कथित तौर पर विजय जुलूस निकाले जाने के मामले में हाईकोर्ट ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय से जवाब मांगा है। मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ याचिकाकर्ता प्रशांत मनचंदा की ओर से दायर आवेदन पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद कुछ विजयी उम्मीदवारों ने परिणाम घोषित होने के बाद जुलूस निकाले।
सभी उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने नोट किया कि डूसू चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है, जिसमें विजयी उम्मीदवार भी शामिल हैं। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को कथित उल्लंघन से संबंधित सभी दस्तावेज और अन्य सामग्री एक डोजियर में शामिल कर अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया।
असल समस्या धन और बाहुबल के प्रदर्शन की
दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कुछ उत्साह और भावनाओं को नियंत्रित करना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि इस बार तो ढोल भी नहीं बजाए गए। इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि चिंता केवल ढोल बजाने या जश्न मनाने को लेकर नहीं है। असली समस्या धन और बाहुबल के प्रदर्शन की है।
उम्मीदवारों को जारी किए थे नोटिस
दरअसल, 18 सितंबर को हाईकोर्ट ने डूसू चुनाव में कथित नियम उल्लंघनों को गंभीरता से लेते हुए 140 उम्मीदवारों और छात्र संगठनों को नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने कहा था कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दिल्ली की सड़कों, विश्वविद्यालय परिसर या छात्रावासों में किसी भी तरह का विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा।
लिंगदोह समिति की सिफारिशों के उल्लंघन पर जताई चिंता
इसके पालन की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को दी गई थी और उल्लंघन को अदालत की अवमानना के साथ आपराधिक व प्रशासनिक कार्रवाई का आधार बताया गया था। मामला वर्ष 2017 में दायर याचिका से जुड़ा है, जिसमें चुनाव के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और दीवारों आदि पर प्रचार सामग्री लगाने जैसे मामलों में कार्रवाई की मांग की गई थी। कोर्ट ने लिंगदोह समिति की सिफारिशों के उल्लंघन पर भी चिंता जताई है।
ABVP ने 3 पदों पर दर्ज की जीत
उल्लेखनीय है कि डूसू चुनाव में ABVP ने केंद्रीय पैनल के 4 पद में से 3 पर जीत दर्ज की जबकि एनएसयूआई का टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। कांग्रेस से संबद्ध एनएसयूआई के उम्मीदवार अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों पर मामूली अंतर से हार गए। इससे एनएसयूआई का इन चुनावों में खाता नहीं खुल सका।

