DUSU चुनाव में 40.46% मतदान, कल वोटों की गिनती; EVM में कैद उम्मीदवारों की किस्मत
DUSU Election 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी के सभी कॉलेजों में आज डूसू चुनाव के लिए वोट डाले गए। दो शिफ्ट में वोटिंग हुई। चुनाव के नतीजे कल 19 सितंबर को आएंगे।

DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव 2026 (डूसू चुनाव 2026) के लिए शुक्रवार को वोट डाले गए। मतदान दो शिफ्ट में हुआ। मॉर्निंग कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों ने सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक और ईवनिंग कॉलेजों के छात्रों ने दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान में हिस्सा लिया। कुल 1100 से अधिक ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल मतदान के लिए किया गया। इसमें 830 बैलेट यूनिट और 281 सेंट्रल यूनिट ईवीएम मशीन हैं। डूसू चुनाव में इस बार कुल वोटरों की संख्या 1,51,842 थी। इनके लिए 158 मतदान बूथ और 12 कंट्रोल रूम बनाए गए थे। हर बार की तरह इस बार भी एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच कांटे की टक्कर होने के उम्मीद है। हालांकि, आईसा-एसएफआई गठबंधन ने अपने उम्मीदवार उतारकर चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश जरूर की। 19 सितंबर को यूनिवर्सिटी कैंपस और आसपास के रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
इस बार कौन-कौन प्रत्याशी
एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को मैदान में उतारा है।
एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद के लिए वीर चतरथ, सचिव पद के लिए नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।
आईसा-एसएफआई गठबंधन ने अध्यक्ष पद के लिए अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पद के लिए अक्षत शिखर, सचिव पद के लिए स्टैनजिन डेस्क्योंग और संयुक्त सचिव पद के लिए बी. पारिजात को उम्मीदवार बनाया है।
DUSU Election 2026 : चुनाव में 40.46% वोटिंग दर्ज
डूसू चुनाव में रात 8 बजे तक 40.46% वोटिंग दर्ज की गई। स्ट्रांग रूम में ईवीएम पहुंच चुकी हैं। अब कल वोटों की गिनती होगी।
DUSU Election 2026 : NSUI ने भी किया जीत का दावा
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने आर्यभट्ट कॉलेज में दो सीटों पर जीत का दावा किया है। एनएसयूआई ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा ‘विजय के बाद नवनिर्वाचित काउंसलर(सीसी) देवांश सैनी ने अपनी टीम के साथ एएनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ जी से मुलाकात कर जीत की बधाई और शुभकामनाएं प्राप्त कीं।’
DUSU Election 2026 : भास्कराचार्य कॉलेज में SFI की अध्यक्ष पद पर जीत
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने भास्कराचार्य कॉलेज में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। एसएफआई की दिल्ली प्रदेश समिति की सदस्य अर्ची को महाविद्यालय छात्रसंघ का अध्यक्ष चुना गया। कॉलेज स्तर के चुनाव परिणामों में एबीवीपी के दबदबे के बीच वाम समर्थित संगठन के लिए इसे महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
(भाषा का इनपुट)
DUSU Election 2026 : SRCC, अदिति महाविद्यालय, भारती कॉलेज में जीती ABVP
एबीवीपी ने नॉर्थ कैंपस के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्म (एसआरसीसी) में सभी चार पदों पर जीत हासिल करके क्लीन स्वीप किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े इस छात्र संगठन ने कई कॉलेज में जीत दर्ज का दावा की है। पीटीआई के मुताबिक, छात्र संगठन से मिली जानकारी के मुताबिक एसआरसीसी में एबीवीपी ने प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और दोनों काउंसलर सीटों पर काफी बड़े अंतर से जीत हासिल की है। इसके अलावा संगठन ने अदिति महाविद्यालय और भारती कॉलेज में भी सभी पदों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा श्री अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग) में भी सभी पदों पर एबीवीपी उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। केशव महाविद्यालय में प्रेसिडेंट, वाइस-प्रेसिडेंट और सेक्रेटरी पद तो श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और दोनों काउंसलर सीटों पर जीत दर्ज की है।
DUSU Election 2026 : कई कॉलेज में एबीवीपी ने जीत का दावा
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई कॉलेज में एबीवीपी ने जीत का दावा किया है। छात्र संगठन ने अपने 'एक्स' हैंडल पर अलग-अलग पोस्ट में बताया है कि कई कॉलेज में उसे जीत मिली है।
DUSU Election 2026 : SOL और NCWEB छात्रों के मुद्दों पर निकाला गया मार्च; क्या आरोप?
क्रांतिकारी युवा संगठन ने वोटिंग के बीच डीयू कैंपस में स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) और नॉन-कॉलेजिएट विमेंस एजुकेशन बोर्डके छात्रों की समस्याओं को लेकर मार्च निकाला। इस दौरान इस स्वतंत्र संगठन ने कहा कि चुनाव लड़ रहे किसी भी छात्र संगठन ने छह लाख एसओएल और नॉन-कॉलेजिएट विमेंस एजुकेशन छात्रों की समस्याओं को अपने घोषणापत्र में जगह नहीं दी।
DUSU Election 2026 : ABVP ने किया क्लीन स्वीप का दावा
एबीवीपी ने एक बयान में कहा है कि वोटिंग का पहला चरण शुक्रवार को खत्म हुआ, जिसमें एबीवीपी ने दावा किया कि वह 4-0 से जीत दर्ज करेगी। छात्र संगठन की ओर से कहा गया है कि वह चुनाव में क्लीन स्वीप करने जा रही है। डूसू के सभी चार पदों पर एबीवीपी जीत की ओर बढ़ रही है।
DUSU Election 2026 : पहले चरण में 36 प्रतिशत मतदान
चुनाव के पहले चरण में लगभग 36 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं इवनिंग शिफ्ट के कॉलेजों में वोटिंग अभी भी जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आपको बता दें कि इवनिंग शिफ्ट के कॉलेजों के स्टूडेंट्स दोपहर 3 बजे से शाम 7.30 तक वोट दे सकते हैं।
DUSU Election 2026 : एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी
वोटिंग के दूसरे चरण के दौरान एबीवीपी समर्थक लॉ सेंटरके बाहर पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए और एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी की।
DUSU Election 2026 : एबीवीपी का दावा- कांग्रेस-आप से जुड़े लोगों ने किया प्रचार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आरोप लगाया है कि बाहर के नेता और संगठन एनएसयूआई के लिए प्रचार करके दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति में दखल दे रहे हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी दी है। पीटीआई के मुताबिक, एबीवीपी की ओर से यह भी दावा किया गया है कि इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और कांग्रेस की प्रवक्ता रागिनी नायक ने एनएसयूआई के लिए प्रचार किया और इसके साथ ही क्लास रूम का भी दौरा किया। यही नहीं चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी और सेवा दल से जुड़े लोग भी सक्रिय थे।
DUSU Election 2026 : चुनाव परिणाम कब घोषित होंगे?
दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (डूसू) के लिए वोटों की गिनती कल यानी 19 सितंबर को होगी। यूनिवर्सिटी की एडवाइजरी के मुताबिक, परिणाम घोषित होने तक शुक्रवार और शनिवार को पाबंदियां लागू रहेंगी।
DUSU Election 2026 : दयाल सिंह ईवनिंग, रामलाल आनंद ईवनिंग आदि कॉलेजो में इवनिंग शिफ्ट का मतदान शुरू हो चुका है। इवनिंग शिफ्ट का चुनाव दोपहर 3 बजे से शुरू हुआ है।
DUSU Election 2026 : दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा जीत के जुलूस पर रोक लगाने को लेकर वकील विमल त्यागी ने कहा है कि कोर्ट ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है कि हर साल कोर्ट के दिशा-निर्देशों और आदेश के बावजूद लिंगदोह कमेटी के नियमों का उल्लंघन होता है। जानिए विमल त्यागी ने और क्या-क्या कहा:
DUSU Election 2026 : विनोद जाखड़ ने कहा कि यह चुनाव छात्रों का है। NSUI का पैनल बहुत अच्छा है। NSUI ने सामाजिक न्याय के सिद्धांत को बनाए रखा है। राहुल गांधी पूरे देश में सामाजिक न्याय की वकालत कर रहे हैं। उनका संदेश है कि जो लोग कतार में सबसे पीछे खड़े हैं, उन्हें आगे लाया जाए और प्रतिनिधित्व का मौका दिया जाए। यह रोक सिर्फ NSUI पर लागू होती है, ABVP पर नहीं। ABVP के बैनर तो प्रिंसिपल के ऑफिस के अंदर भी लगे हुए हैं। मैं कहूंगा कि NSUI को हर कदम पर रोका गया है। अभी भी, जब वोटिंग चल रही है। NSUI कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया जा रहा है और ABVP के सदस्य उन पर हमले कर रहे हैं। NSUI चारों सीटें जीतकर क्लीन स्वीप करने के लिए तैयार है, जिससे ABVP बुरी तरह बिखर जाएगी।
DUSU Election 2026 : NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने डूसू चुनावों पर कहा कि चुनाव चल रहे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बहुत अच्छा काम किया है। वे BJP, RSS और ABVP के खिलाफ वोट कर रहे हैं—वही ताकतें जिन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी को बर्बाद कर दिया है। उन्हें सत्य निकेतन की घटना याद है, जहां BJP और ABVP के भ्रष्टाचार के कारण छात्र कुचले गए थे और उनकी मौत हो गई थी। BJP ने इसमें अपनी पूरी ताकत लगा दी है; उनके विधायक, मेयर और MCD अधिकारी सभी वहाँ मौजूद हैं और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
DUSU Election 2026 : AAP विधायक संजीव झा ने DUSU चुनाव पर कहा कि ये चुनाव असल में छात्रों के बारे में हैं। ऐसा पहली बार नहीं है जब यूनिवर्सिटी के चुनाव हो रहे हैं। ये चुनाव तो रेगुलर होते रहे हैं। समस्या यह है कि हमेशा NSUI और ABVP ही चुनाव लड़ते हैं। हर बार वही मुद्दे, वही बातें और वही वादे दोहराए जाते हैं। कुछ भी नहीं बदलता। ASAP (एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स) पहली बार चुनाव लड़ रही है और मैंने देखा है कि उनकी भागीदारी का असर भी दिखा है। आखिरकार एक हॉस्टल बनने जा रहा है। कम से कम, इसकी घोषणा तो हो ही गई है। मुझे लगता है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के चुनावों में यूनिवर्सिटी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा तो होती है, लेकिन उन पर शायद ही कभी अमल होता है। हमारी यूनिट भी यह चुनाव लड़ रही है और मेरा मानना है कि मोटिवेशन बहुत जरूरी है। यहां होने का मकसद बस छात्रों को मोटिवेटेड रखना और यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव प्रोपेगैंडा के बजाय असल मुद्दों पर केंद्रित रहे। मुझे लगता है कि यूनिवर्सिटी चुनावों को ताकत के प्रदर्शन का जरिया बनाने से यूनिवर्सिटी को कोई फायदा नहीं होता।"
DUSU Election 2026 : दिल्ली हाईकोर्ट ने आज डूसू चुनाव लड़ रहे सभी 140 उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट ने उन्हें अपने व्यवहार के बारे में बताने का निर्देश दिया है। हाईकोर्ट ने छात्र संगठन व उम्मीदवारों को दो सप्ताह के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया है, जिसमें कहा गया है कि डूसू चुनाव में हुई हिंसा के मामले में उन पर जुर्माना क्यों न लगाया जाए।
DUSU Election 2026 : ABVP के डूसू अध्यक्ष पद के उम्मीदवार यश डबास ने कहा कि हमारा मुख्य मुद्दा सभी हॉस्टलों और PG का सेफ्टी ऑडिट करना, हर कॉलेज में लड़कियों के लिए नए हॉस्टल बनाना और PG व हॉस्टलों के लिए हेल्पलाइन शुरू करना है। छात्र सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना को लेकर भावुक हैं और ABVP अभी भी विरोध कर रही है। हम तब तक विरोध जारी रखेंगे जब तक एमसीडी कमिश्नर इस्तीफा नहीं दे देते। मुझे पूरा भरोसा है कि ABVP ही जीतेगी।
DUSU Election 2026 : दिल्ली पुलिस के शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि आज DUSU चुनाव हो रहे हैं और शाहदरा के दो कॉलेजों में वोटिंग चल रही है। यहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और CCTV से भी निगरानी रखी जा रही है। वोटिंग अभी शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।"
DUSU Election 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ और साउथ कैंपस में अभी तक शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। कहीं से भी किसी तरह के गड़बड़ी या हिंसा की कोई खबर नहीं है। पुलिस ने सभी जगह सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।
DUSU Election 2026 : ABVP के वाइस-प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार ईशू मौर्य का कहना है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी की 'जेन Z' (नई पीढ़ी) शुरू से ही ABVP के साथ रही है और इस साल तो वे और भी मजबूती से हमारे साथ हैं, इसलिए हमें पूरा भरोसा है कि इस बार ABVP 4-0 से जीत रही है।"
DUSU Election 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी लॉ फैकल्टी 1 के बाहर छात्र मतदान देने वाले छात्रों से अपने समर्थन में मत देने की अपील कर रहे हैं।
DUSU Election 2026 : हिन्दू कॉलेज में पढ़ने वाले फर्स्ट ईयर के छात्र अखिलेश कुमार का कहना है कि छात्रों के मुद्दे पर मतदान किया है। किराए में राहत एक बड़ी राहत है। मेट्रो पास, हॉस्टल इनके मुद्दों में शामिल हैं।
DUSU Election 2026 : डूसू चुनाव 2026 के लिए दिल्ली के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज से ABVP के प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार श्रेय सिंह का कहना है कि हमारे पास कई अहम मुद्दे हैं। इनमें सबसे मुख्य मुद्दा सत्य निकेतन में हुई घटना है, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी के सभी कॉलेजों में हॉस्टल सुविधा की हमारी बड़ी मांग है। इसके अलावा, फीस बढ़ोतरी का मुद्दा भी है, क्योंकि फीस बार-बार बढ़ाई जा रही है। हम बुनियादी सुविधाओं की जरूरत पर भी ध्यान दे रहे हैं, जैसे स्टूडेंट सोसाइटीज के लिए खास कल्चरल रूम, हर कॉलेज में ऑडिटोरियम और पीने के साफ पानी की सुविधा, क्योंकि कई जगहों पर पानी की सप्लाई की समस्या है।
DUSU Election 2026 : दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डूसू चुनावों के कारण आज दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के आसपास ट्रैफिक जाम होने की आशंका जताई है। प्रभावित इलाके: RTR रोड: वसंत गांव रेड लाइट से RTR टी-पॉइंट तक, रिंग रोड: मोती बाग से धौला कुआं तक। ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने और लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
DUSU Election 2026 : डूसू चुनाव के लिए सभी कॉलेजों में वोटिंग शुरू हो गई है। पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
DUSU Election 2026 : दिल्ली पुलिस द्वारा डूसू चुनाव के लिए क्विक रिएक्शन टीमें, दंगा नियंत्रण वाहन और हुड़दंगियों को हिरासत में लेने वाले विशेष वाहन तैनात किए जाएंगे।
DUSU Election 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी नॉर्थ कैंपस की मुख्य सड़कों- जैसे मॉल रोड, छत्र मार्ग और आर्ट्स फैकल्टी के आसपास 18 सितंबर और 19 सितंबर को वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
DUSU Election 2026 : शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा, "शाहदरा जिले में दो कॉलेज हैं: श्याम लाल कॉलेज और विवेकानंद महिला कॉलेज। श्याम लाल कॉलेज मॉर्निंग-ईवनिंग दोनों शिफ्ट में चलता है, जबकि विवेकानंद महिला कॉलेज में सिर्फ मॉर्निंग शिफ्ट होती है। हमने सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। बाहरी मदद के अलावा, हमारा लोकल स्टाफ भी तैनात है। हमने इलाके में सही पेट्रोलिंग पक्की की है और सभी को हाई अलर्ट पर रखा है। एसएचओ और पुलिस स्टेशन का स्टाफ चौकन्ना है और हम किसी भी झगड़े को रोकने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही सीसीटीवी और मौके पर फोटोग्राफर भी मौजूद होंगे।
DUSU Election 2026 : शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने गुरुवार देर रात डूसू चुनावों के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से श्याम लाल कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
DUSU Election 2026 : डूसू चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नॉर्थ और साउथ कैंपस क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 2,000 से अधिक जवानों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। छात्रों के हुड़दंग, हूटर और वाहनों के काफिलों पर लगाम कसने के लिए डीयू और ट्रैफिक पुलिस मिलकर काम कर रहे हैं।
DUSU Election 2026: डीयू के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने कहा कि डूसू चुनाव को लेकर निरंतर सुधार हो रहा है। कैंपस में पोस्टर, बैनर, गंदी दीवारें नहीं हैं। डीयू निष्पक्ष और सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
DUSU Election 2026: पहली बार वोट डालने वाले छात्रों के लिए कॉलेजों में विशेष तैयारी की गई है। नए छात्रों को अपने कॉलेज की ओर से जारी पहचान पत्र साथ रखना होगा और अपने नाम की वोटर लिस्ट में स्थिति की पुष्टि कर संबंधित मतदान बूथ पर जाना होगा। कॉलेजों को मतदान व्यवस्था, बूथों की तैयारी और छात्रों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान के दौरान छात्रों को अपने निर्धारित कॉलेज में ही वोट डालना होगा।
DUSU Election 2026 : छात्रसंघ के चार पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए होने वाले चुनाव में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। यह मुकाबला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कांग्रेस से संबद्ध एनएसयूआई और आइसा तथा एसएफआई के वाम गठबंधन के बीच होगा।
DUSU Election 2026 : सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद छात्र सुरक्षा और आवास भी चुनाव के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं। एबीवीपी ने स्टूडेंट हाउसिंग सेल और सुरक्षा ऑडिट की बात कही है, जबकि वाम गठबंधन ने किफायती आवास और छात्रावासों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। एनएसयूआई ने छात्र हितों को अभियान का प्रमुख आधार बताया है।
19 सितंबर को होगी मतगणना
मतगणना 19 सितंबर को डीयू के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी। यूनिवर्सिटी ने इसके लिए अलग से स्थल और सुरक्षा व्यवस्था की है। डीयू के मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, करीब 170 लोगों की टीम तैनात की गई हैं, जिसमें 68 ऑब्जर्वर शामिल हैं। यूनिवर्सिटी के अनुसार, 12 रूट से करीब 85 फीसदी ईवीएम कड़ी सुरक्षा के बीच संबंधित कॉलेजों तक पहुंचा दी गईं। चुनाव के बाद यह कंट्रोल रूम में रखी जाएंगी।

