DUSU Election 2026 की बिसात बिछी, 3 पैनलों से इस बार कौन-कौन प्रत्याशी, देखें पूरी लिस्ट

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

DUSU Election 2026 : डूसू चुनाव की सियासी बिसात फिर बिछ गई है।इस बार भी एबीवीपी और एनएसयूआई सहित 3 पैनलों के बीच कांटे की टक्कर होगी। तीनों छात्र संगठनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है।

ABVP candidates, Yash Dabas for President, Ishu Maurya for Vice President, Riya Chhawdi for Secretary, and Lakshya Raj Singh for Joint Secretary for DUSU Elections 2026. (ANI Photo)
ABVP ने डूसू चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष के लिए ईशु मौर्य, सचिव के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव के लिए लक्ष्य राज सिंह के नामों का ऐलान किया।

DUSU Election 2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए बिसात पूरी तरह से बिछ गई है। शुक्रवार को तीनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी धड़ों की ओर से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। एबीवीपी ने यश डबास को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। एनएसयूआई ने विजय शंकर मीणा और आईसा व एसएफआई ने संयुक्त तौर पर अनन्या रतूड़ी को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया है।

डूसू चुनाव के लिए अब सभी पदों पर प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो गई है। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। इसमें अध्यक्ष पद के लिए सात और उपाध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए चार-चार प्रत्याशी मैदान में हैं।

18 सितंबर को होगी वोटिंग

हालांकि, मुख्य चुनाव अधिकारी का कहना है कि जारी सूची अस्थायी है और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जानी है। विश्वविद्यालय ने कहा कि उम्मीदवारों द्वारा दी गई जानकारी में कोई गड़बड़ी पाए जाने पर नामांकन रद्द किया जा सकता है। डूसू चुनाव के लिए 18 सितंबर को मत डाले जाएंगे और 19 सितंबर को मतों की गणना की जाएगी।

सख्ती से होगा दिशा-निर्देशों का पालन

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। डीयू के प्राक्टर प्रो. मनोज सिंह ने कहा कि परिसर में कहीं भी प्रिंटेड सामग्री, पोस्टर या बैनर दिखा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। छात्र संघ चुनावों में इस बार एबीवीपी, एनएसयूआई और लेफ्ट संगठनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। वहीं, आईसा और एसएफआई ने अपना संयुक्त पैनल घोषित किया है।

अधिकारों की आवाज बुलंद की जाएगी: कांग्रेस

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने डूसू चुनाव में एनएसयूआई पैनल के जीत का दावा किया। आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को एनएसयूआई पैनल के समर्थन में बैठक का आयोजन किया गया। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि एनएसयूआई के प्रत्याशी जीत के बाद छात्रों के अधिकारों और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने पर जोर देंगे। विश्वविद्यालय में छात्रों के अधिकारों की आवाज को बुलंद किया जाएगा।

एनएसयूआई ने डूसू चुनाव में अध्यक्ष पद के विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद के वीर चतरथ, सचिव पद पर नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव के लिए गोपाल चौधरी को मैदान में उतारा।

अपने काम और प्राथमिकताओं साथ मैदान मेंः एबीवीपी

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सोलंकी ने डूसू चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा के साथ कहा कि पिछले वर्ष विद्यार्थियों ने एबीवीपी को डूसू में जिम्मेदारी दी थी। पूरे वर्ष विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को उठाने और उनके समाधान के लिए काम किया गया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हम काम और आगामी प्राथमिकताओं के साथ फिर से विद्यार्थियों के बीच जा रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में शिक्षा और सुविधाओं को बेहतर करने के साथ विद्यार्थियों खासकर छात्राओं के लिए सुरक्षित परिसर सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।

डीयू में साफ दिख रही बदलाव की लहरः लेफ्ट

लेफ्ट संगठनों ने अपने संयुक्त पैनल की घोषणा के साथ ही जीत का दावा किया है। लेफ्ट ने कहा है कि जंतर मंतर से लेकर सत्या निकेतन तक बदलाव की एक लहर साफ दिख रही है।

इन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

PostABVPNSUIAISA-SFI
अध्यक्षयश डबासविजय शंकर मीणाअनन्या रतूड़ी
उपाध्यक्षईशु मौर्यवीर चतरथअक्षत शिखर
सचिवरिया छाबड़ीनम्रता चौधरीस्टेनजिन डेस्कयोंग
संयुक्त सचिवलक्ष्य राज सिंहगोपाल चौधरीबी. पारिजात

यश डबास (एबीवीपी) : यश डबास दिल्ली के कंझावला के निवासी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के एसजीटीबी खालसा कॉलेज से स्नातक किया है। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया व सब्रिया में आईटीएफ प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं। वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग में अध्ययनरत हैं।

विजय शंकर मीणा (एनएसयूआई) : विजय शंकर मीणा मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की है और फिलहाल दिल्ली यूनिवर्सिटी से बुद्धिस्ट स्टडीज में एमए (प्रथम वर्ष) की पढ़ाई कर रहे हैं। वे छात्रों के अधिकारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करते रहे हैं।

अनन्या रतूड़ी (आईसा-एसएफआई) : अनन्या रतूड़ी मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं और पीजी डीएवी कॉलेज में पढ़ती हैं। उन्होंने आईपीसीडब्लू में यौन उत्पीड़न के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया। वे दिल्ली विश्वविद्यालय में हाईपर मस्कुलिन और ताकत आधारित राजनीति को लेकर सवाल उठाती रही हैं। आईसा संगठन की सदस्य अनन्या को आईसा और एसएफआई ने संयुक्त तौर पर अपना उम्मीदवार बनाया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsDUSU चुनाव की बिसात बिछी, 3 पैनलों से इस बार कौन-कौन प्रत्याशी, देखें पूरी लिस्ट