
दिल्ली-सोनीपत के बीच DTC की ई-बसें शुरू, देखें रूट व टाइमिंग; बड़ौत के बाद दूसरा अंतरराज्यीय रूट शुरू
संक्षेप: Delhi-Sonipat DTC Bus : दिल्ली से हरियाणा के सोनीपत तक का बस सफर अब और भी आसान हो जाएगा। डीटीसी ने दिल्ली से सोनीपत के लिए अंतरराज्यीय ई-बस सेवा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट बस अड्डे से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राजधानी दिल्ली से हरियाणा के सोनीपत तक का बस सफर अब और भी आसान हो जाएगा। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी से सोनीपत के लिए अंतरराज्यीय ई-बस सेवा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को कश्मीरी गेट बस अड्डे से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना किया।

इस दौरान सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही एनसीआर के अन्य पड़ोसी शहरों के लिए बस सेवा शुरू करेगी। इससे पहले दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी से बड़ौत (यूपी) के लिए अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर चुका है। अब एनसीआर के दूसरे रूट के रूप में दिल्ली-सोनीपत रूट पर बसों का संचालन शुरू किया गया है। इस रूट पर 12 मीटर लंबी तीन बसों को उतारा गया है। ये बसें सुबह 4:45 बजे से रात 10:30 बजे तक छह फेरे लगाएंगी।
ई-बसों का यह होगा रूट : दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी से चलकर ये बसें जीटीबी नगर, आजादपुर टर्मिनल, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन, मुकरबा चौक, अलीपुर, दिल्ली-सिंघु बॉर्डर पहुंचेंगी। यहां से कुंडली औद्योगिक क्षेत्र, टीडीआई सिटी, रसोई, नांगल मोड़, बिस्वा मिल, राय, बहालगढ़, जट जोशी, फाजिलपुर होते हुए सोनीपत बस स्टैंड पर पहुंचेंगी। इसी रूट से बसों की वापसी होगी। इन बसों के संचालन से हरियाणा से रोजाना दिल्ली में आने-जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।
बस संचालन का समय
दिल्ली से सोनीपत
● सुबह 4:45 बजे, 5:15 बजे और 5:45 बजे।
● शाम 4:45 बजे, 5:15 बजे, 5:45 बजे।
सोनीपत से दिल्ली के लिए
● सुबह 7:10 बजे, 7:25 बजे, 8:10 बजे।
● शाम 7:30 बजे, 8:00 बजे, 8:30 बजे।





