DTC का बेड़ा होगा और बड़ा, केंद्र सरकार से जल्द दिल्ली को मिलेंगी 3323 बसें

Feb 14, 2026 05:46 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों की संख्या और बढ़ेगी। सार्वजनिक हरित परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली को 3323 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।

DTC का बेड़ा होगा और बड़ा, केंद्र सरकार से जल्द दिल्ली को मिलेंगी 3323 बसें

दिल्ली में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों की संख्या और बढ़ेगी। सार्वजनिक हरित परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली को 3323 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें 12 मीटर, 9 मीटर और 7 मीटर लंबाई वाली बसें शामिल होंगी। 7 मीटर लंबी बसें पहली बार दिल्ली को मिलेंगी। लंबाई कम होने की वजह से ये बसें संकरे मार्गों पर भी जा सकेंगी और दिल्ली की लास्ट माइल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। इन बसों के आने से दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में और इजाफा हो जाएगा, इसके साथ ही लाखों यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार करने से भी निजात मिल जाएगी। बस स्टॉप पर बसों के लिए वेटिंग टाइम कम हो जाएगा।

दिल्ली के अन्य जोन में भी रूट पुनर्निधारण होगा

डीटीसी के अधिकारी ने बताया कि जल्द ही दिल्ली के अन्य जोन में भी रूट पुनर्निधारण किया जाएगा, इसके तहत देखा जाएगा कि किन रूटों पर बसों और यात्रियों की संख्या कितनी है। ज्यादा मांग वाले रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी और कम मांग वाले रूटों पर बसों के फेरे कम किए जाएंगे।

सितंबर तक एक हजार बसें मिलेंगी : डीटीसी के बेड़े में बसों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बीती 8 फरवरी को 500 नई बसें मिलने के बाद फिलहाल डीटीसी के पास 4000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें हैं। डीटीसी के अधिकारियों के मुताबिक सितंबर तक डीटीसी को एक हजार से ज्यादा बसों की फ्लीट मिलने की उम्मीद है।

ईवी का दायरा बढ़ने के बाद 32 सीएनजी बस ही बचीं

दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत न सिर्फ दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही दिल्ली से पुरानी मियाद पूरी कर चुकी सीएनजी बसों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। अब सीएनजी की सिर्फ 32 बसें बाकी बची हैं। इन बसों को भी जल्द हटाया जाएगा।

2028 तक डीटीसी बस बेड़े को बढ़ाकर 14,000 करने की योजना

गौरतलब है कि, बीती 8 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक (ईवी) बसों को हरी झंडी दिखाकर राजधानी की सड़कों पर उतारा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की योजना 2028 तक अपने कुल बस बेड़े को बढ़ाकर 14,000 करने की है। इस मौके पर रेखा गुप्ता ने कहा था यह कदम न केवल शहर में परिवहन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद करेगा। उन्होंने कहा था कि ये इलेक्ट्रिक बसें शहर की वायु गुणवत्ता और परिवहन आवश्यकताओं को बेहतर बनाने में मदद करेंगी। ये एसी बसें हैं, जिनमें पैनिक बटन और कई अन्य सुविधाएं मौजूद हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
;;;