
सैलरी कम मिलती थी तो मालिक के घर से उड़ा दिए 4 करोड़ के सोने-हीरे
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल अपने ही मालिक के घर चोरी करने वाले एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर से 4 करोड़ रुपए की ज्वैलरी और घड़ी आदि चोरी कर अपने पैतृक गांव में छिपा दी।
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल अपने ही मालिक के घर चोरी करने वाले एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर से 4 करोड़ रुपए की ज्वैलरी और घड़ी आदि चोरी कर अपने पैतृक गांव में छिपा दी। पुलिस ने 22 नवंबर को आरोपी महेंद्र दान को राजस्थान से गिरफ्तार कर उसके घर चोरी के सामान को बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि आनंद निकेतन में रहने वाले एम यादव ने पुलिस को अपने घर चोरी की शिकायत दी। उन्होंने अपने बयान में बताया कि 28 अगस्त और 29 सितंबर के बीच उनके घर से किसी अज्ञात शख्स ने ज्वैलरी चोरी की है। पीड़िता ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने और हीरे के ज्वैलरी और घड़ी मौजूद थी। साऊथ कैम्पस थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
21 नवंबर को मामले की जांच एंटी बर्गलरी सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर राम कुमार की टीम को सौंपी गई। एसआई बच्चू सिंह, कांस्टेबल अंशु और सांवरिया ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी निगरानी की मदद से एक संदिग्ध की पहचान की। पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी महेंद्र को उसके पैतृक गांव इंदोखा, तहसील मकराना, जिला नागोर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हीरे व सोने की ज्वैलरी, सोने के बिस्किट और कई ब्रांड की घड़ी बरामद की। आरोपी के पास से बरामद सामान की कीमत करीब 4 करोड़ रुपए हैं।
पीड़िता के घर में कार चालक है आरोपी, बोला- कम सैलरी
आरोपी महेन्द्र ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले चार साल से पीड़िता एम यादव के घर में कार चालक का काम करता है। उसे पैसों की जरूरत थी क्योंकि उसकी सैलरी कम थी और उसकी घर की जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही थी। वह घर में मौजूद लॉकर के बारे में पहले से जानता था, ऐसे में उसने नवरात्रि के दौरान जबकि पीड़िता घर पर नहीं थी तो चोरी को अंजाम दिया। चोरी का सामान अपने घर छिपा कर वह वापस आ गया और फिर से नौकरी करने लगा।





