काम की बात: गुरुग्राम के 23 सेक्टरों में पेयजल पहुंचाने का रास्ता साफ, कब से सप्लाई शुरू होने की उम्मीद
गुरुग्राम में 23 सेक्टरों तक पेयजल पहुंचाने का रास्ता साफ हो गया है। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सेक्टर-72 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर-58 से लेकर सेक्टर-80 तक पानी की सप्लाई होनी है। उम्मीद है कि अगले महीने में इन सेक्टरों में पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।

मिलेनियम सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम में 23 सेक्टरों तक पेयजल पहुंचाने का रास्ता साफ हो गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने चंदू बुढेड़ा से लेकर सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन के बीच पाइप लाइन का ट्रायल पूरा कर लिया है। इस पाइप लाइन में 32 जगह पर लीकेज थी, जिन्हें ठीक कर दिया है। उम्मीद है कि अगले महीने में इस बूस्टिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सेक्टर-72 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर-58 से लेकर सेक्टर-80 तक पानी की सप्लाई होनी है। इसके अलावा ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में इससे नहरी पानी पहुंचना है। इन क्षेत्रों में अधिकांश कॉलोनियां और सोसाइटियां पानी के लिए भूजल पर आश्रित हैं।
बता दें कि शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की तरफ से पिछले एक साल से इस बूस्टिंग स्टेशन की समीक्षा की जा रही थी। अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे थे कि अड़चनों को दूर कर इसको शुरू किया जाए। इससे पानी की सप्लाई 23 सेक्टरों में दी जाए। अब जल्द लोगों को राहत मिलेगी। जीएमडीए के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अभिनव वर्मा ने बताया कि गुरुग्राम के सेक्टर-58 से लेकर सेक्टर-80 तक पेयजल की आपूर्ति जल्द शुरू हो जाएगी। चंदू बुढेड़ा से लेकर सेक्टर-72 के बूस्टिंग स्टेशन तक पानी पहुंच गया है। बूस्टिंग स्टेशन का ट्रायल किया जा चुका है।
अभी सेक्टर-51 से पानी की सप्लाई हो रही
इस बूस्टिंग स्टेशन की क्षमता 280 एमएलडी है। करीब 50 एमएलडी पानी के स्टोरेज टैंक इस बूस्टिंग स्टेशन में हैं। मौजूदा समय में सेक्टर-58 से लेकर सेक्टर-67 में सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई की जा रही है। सेक्टर-68 से लेकर सेक्टर-80 तक तो नाममात्र पानी पहुंच रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
सीवर लाइन को तोड़ने की जांच शुरू
उधर, रतन विहार में पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के लोगों द्वारा सीवर लाइन और पक्की गली तोड़े जाने के मामले में नगर निगम प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को निगम के संयुक्त आयुक्त-तीन के कार्यालय में सुनवाई के दौरान पूर्व मंत्री और स्थानीय लोग अपने-अपने दावों और दस्तावेजों के साथ शामिल हुए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और कागजात देखने के बाद संयुक्त आयुक्त ने विवादित गली की राजस्व विभाग से तकनीकी पैमाइश करवाने के आदेश जारी कर दिए हैं। पैमाइश की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवादित रास्ता नगर निगम के अधीन है या पूर्व मंत्री की निजी मिल्कियत। गौरतलब है कि शुक्रवार को रतन विहार में पूर्व मंत्री के समर्थकों पर जेसीबी से गली और वहां डाली गई सीवर लाइन को ध्वस्त करने का आरोप लगा था। घटना के बाद स्थानीय निवासियों और क्षेत्रीय पार्षद सुरेखा चौहान ने कड़ा रोष जताते हुए निगम आयुक्त से शिकायत की थी।

