दिल्ली के DRDO परिसर की सुरक्षा में सेंध, महिला साइंटिस्ट के घर से 50 लाख रुपये के गहने चोरी

नई दिल्ली, वार्ता
Follow us on Google News
share

दिल्ली में बेहद हाई सिक्योरिटी वाले डीआरडीओ रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में चोरों ने एक महिला साइंटिस्ट के घर से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्रा और नकदी चुरा ली। दिल्ली पुलिस FIR दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग तलाश रही है।

दिल्ली के DRDO परिसर की सुरक्षा में सेंध, महिला साइंटिस्ट के घर से 50 लाख रुपये के गहने चोरी

राजधानी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के हाई सिक्योरिटी वाले रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में चोरी होने की घटना सामने आई है। बेखौफ चोरों ने कथित तौर पर यहां एक महिला साइंटिस्ट के घर का ताला तोड़कर अंदर रखे करीब 45 से 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्रा और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना डीआरडीओ कॉम्प्लेक्स स्थित राम नारायण साइंटिस्ट हॉस्टल में हुई। दिल्ली पुलिस ने घटना की शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर के ताले टूटे देख पड़ोसियों ने दी सूचना

तिमारपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, चारों ने घर के तीन ताले तोड़े और बाद में स्टील की अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शिकायतकर्ता सीमा गौतम ने बताया कि वह अपनी बेटी और पति से मिलने चंडीगढ़ गई थीं, जहां उनके पति वर्तमान में तैनात हैं। उनकी अनुपस्थिति में पड़ोसियों ने घर के टूटे हुए ताले देखे और उन्हें घटना की सूचना दी।

घर से क्या-क्या सामान हुआ चोरी

शिकायत के अनुसार, चोर पीछे की ओर के ताले तोड़कर घर में घुसे और करीब 280 ग्राम सोने के आभूषण तथा लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। शिकायत में कहा गया है कि चोरी हुए सामान में नेकलेस सेट और कान की बाली, छह चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, बच्चों के आभूषण, चांदी की पायल, चांदी के सिक्के, दो महंगी घड़ियां, 20 पाउंड और 50 दिरहम सहित विदेशी मुद्रा तथा 15 हजार रुपये नकद शामिल हैं।

शिकायतकर्ता ने पत्र में कहा कि इस चोरी की घटना से उनके परिवार को भारी आर्थिक और मानसिक क्षति हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले की तत्काल जांच कर प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने की मांग की है।

तिमारपुर थाने में मामला दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में स्थित बेहद कड़ी सुरक्षा वाले परिसर के अंदर हुई। पुलिस अधिकारियों ने अनुसार, महिला साइंटिस्ट घटना के वक्त अपने परिवार से मिलने के लिए 15 मई को चंडीगढ़ गई थीं। जब वह 23 मई को वापस लौटीं, तो उन्होंने घर का सारा सामान बिखरा हुआ पाया और अंदर रखे गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब था।पुलिस ने बताया कि तिमारपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। क्राइम और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आरोपियों की पहचान करने के लिए रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने घर को निशाना बनाने से पहले रेकी की होगी। इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाषा के इनपुट के साथ

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।