काम की बात: नोएडा में नए एलिवेटेड रोड की योजना आगे बढ़ी, DND से सेक्टर-57 तक होगा रूट; IIT रुड़की बनाएगी DPR
नोएडा शहर को जल्द एक और नया एलिवेटेड रोड मिल सकता है। नोएडा प्राधिकरण ने इसका डिजाइन और डीपीआर बनाने का काम आईआईटी रुड़की को सौंपा है। यह एलिवेटेड रोड 5 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा जो कई सेक्टरों से होकर गुजरेगा।

नोएडा में मास्टर प्लान रोड नंबर-1 पर डीएनडी से सेक्टर-57 तक बनने वाले एलिवेटेड रोड की प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ गई है। इस परियोजना का विस्तार होने के चलते नोएडा प्राधिकरण ने इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए आईआईटी रुड़की को फीस का भुगतान कर दिया है।
6 लेन का होगा एलिवेटेड रोड
इस एलिवेटेड रोड की लंबाई पहले ही करीब डेढ़ किलोमीटर बढ़ा दी गई थी। अब यह रोड नोएडा के सेक्टर-3 से सेक्टर-60 में एमपी टू एलिवेटेड रोड के पास तक बनाई जाएगी। यहां एमपी-2 रोड को जोड़ेगी। यह एलिवेटेड करीब 5.43 किलोमीटर लंबी और 6 लेन की होगी। इसका डिजाइन और डीपीआर आईआईटी बनाएगा। इस रोड के बनने से दिल्ली से सीधे नोएडा के आईटी सेक्टर और औद्योगिक सेक्टरों तक आसानी से आ-जा सकेंगे।
आईआईटी रुड़की बनाएगी डीपीआर
अधिकारियों ने बताया एलिवेटेड रोड सेक्टर-3, सेक्टर-10, सेक्टर-12,22 तिराहा, सेक्टर-57 और आगे सेक्टर-60 तक जाएगी। यहां मुख्य रूप से तकनीकी पॉइंट सेक्टर-12-22 का तिराहा है। यदि यहां से कर्व दिया गया तो ये 90 डिग्री का होगा, इसलिए आईआईटी अपने डिजाइन में इसे देखेगी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि कर्व पहले से दिया जाएगा ताकि ट्रैफिक काफी आसानी से गुजर सकेगा। इसी अनुसार आईआईटी इसकी डीपीआर को बनाएगा। इसके बाद काम आगे बढ़ेगा।
वाहनों के दबाव से जाम लग रहा
गौरतलब है कि अभी इस रास्ते पर सुबह और शाम जाम लगता है। सेक्टर-3 रजनीगंधा अंडरपास के पास से सेक्टर-12-22-56 तिराहे तक वाहनों का दबाव रहता है। शाम के वक्त तो वाहन रेंगते नजर आते हैं। आने वाले समय में वाहनों का यहा दबाव और भी बढ़ेगा। इस सड़क से शहर के औद्योगिक सेक्टरों के साथ कई आवासीय सेक्टरों को लोग जाते हैं। एलिवेटेड रोड के बनने से सेक्टर-3 से 60 तक 7-8 से लेकर 10 मिनट में पहुंच सकते हैं। अभी करीब आधा घंटे तक लग लाते हैं।
700 करोड़ का खर्च आएगा
इस एलिवेटेड को बनाने में करीब 700 करोड़ रुपये खर्च होंगे। आईआईटी रुड़की एक महीने में इसकी फिजिबिलिटी चेक करके इसका डिजाइन और डीपीआर तैयार करेगी। फाइनल बजट डीपीआर के बाद ही तय होगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद राहत मिलने की उम्मीद है।
कालिंदी कुंज की एक सड़क अगले महीने रहेगी बंद
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। शहर की दो सड़कों पर अगस्त में करीब 12 दिन तक वाहनों के रास्तों में बदलाव रहेगा। कालिंदी कुंज पर दिल्ली से आने वाली एक सड़क को वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि 30 जुलाई से सावन का महीना शुरू हो रहा है। इसी के साथ ही यहां पर कांवड़िये आने शुरू हो जाएंगे। अगस्त के पहले सप्ताह में कांवड़ियों की संख्या बढ़नी शुरू हो जाएगी। ऐसे में कांवड़ियों की संख्या थोड़ी बढ़ते ही ओखला पक्षी विहार व कालिंदी कुंज रास्ते को वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। एक अगस्त से 12 अगस्त तक इन सड़कों पर वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। कालिंदी कुंज पर दिल्ली की ओर से दो सड़कों पर नोएडा की ओर वाहन आते हैं।


