Hindi Newsएनसीआर Newsdnd kmp expressway faridabad service road illegal cuts many places
DND-KMP एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर जगह-जगह ग्रिल काटकर बनाए अवैध रास्ते, हादसों का खतरा बढ़ा

DND-KMP एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर जगह-जगह ग्रिल काटकर बनाए अवैध रास्ते, हादसों का खतरा बढ़ा

संक्षेप:

फरीदाबाद में डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर लोगों ने जगह-जगह ग्रिल काट कर आवाजाही के लिए रास्ते बना लिए हैं। सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइट भी अक्सर खराब रहती हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।  

Mon, 27 Oct 2025 03:00 PMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद में डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर लोगों ने जगह-जगह ग्रिल काट कर आवाजाही के लिए रास्ते बना लिए हैं। सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइट भी अक्सर खराब रहती हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। खासकर सर्दी के मौसम में कोहरा होने पर वाहन चालकों की समस्या बढ़ सकती है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एनएचएआई ने सेक्टर-59 से कालिंदीकुंज एक्सप्रेसवे के दोनों ओर सर्विस रोड को मुख्य सड़क से अलग रखने के लिए मजबूत ग्रिल लगाई है, ताकि किसी की आवाजाही से स्थानीय यातायात और तेज रफ्तार गाड़ियों में टकराव न हो। लेकिन कुछ लोगों ने ग्रीन बेल्ट पर कब्जे कर ग्रिल को जगह-जगह से काट दिया है। कई जगह तो इन ग्रिलों को दरवाजे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। दिन में खुला रखते हैं और शाम को ताला लगाकर चले जाते हैं। सेक्टर-12, 17, 18, ओल्ड फरीदाबाद, बड़खल, पल्ला, खेड़ीपुल, और एत्मादपुर जैसे क्षेत्रों में जगह-जगह लोगों ने लोहे की सुरक्षा ग्रिल काटकर अवैध रास्ते बना लिए हैं। लोग रोजाना इन रास्तों से आना-जाना कर रहे हैं। ऐसे में यह लापरवाही कभी भी यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी पड़ सकती है।

ये भी पढ़ें:फरीदाबाद में कालिंदी कुंज चौक का जाम खत्म करने को बनेगा इंटरचेंज,DPR पर काम शुरू

सर्विस रोड से गुजरना हुआ मुश्किल: एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए यह स्थिति सिरदर्द बन गई है। इन अवैध रास्तों से अचानक वाहन निकल आते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही सर्विस रोड किनारे बने नाले पर भी कई जगह कब्जे हो चुके हैं। बारिश में पानी निकासी बाधित होती है। सड़क पर जलभराव की समस्या बन जाती है।

50 से अधिक स्थानों पर ग्रिल कटी, कार्रवाई केवल एक पर : फरीदाबाद सीमा में एक्सप्रेसवे की लंबाई लगभग 24 किलोमीटर है, लेकिन 50 से अधिक स्थानों पर ग्रिल काटकर रास्ते बनाए जा चुके हैं। आश्चर्य की बात यह है कि एनएचएआई या प्रशासन ने अब तक केवल एक स्थान पर ही कार्रवाई की है। सवाल यह उठता है कि जब अवैध रास्ते इतने बड़े पैमाने पर बनाए गए हैं, तो बाकी स्थानों पर जिम्मेदारी तय क्यों नहीं हुई।

इन स्थानों पर काटी गई ग्रिल

कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे पर आगरा से दिल्ली वाली साइड पर एचएसवीपी की ग्रीन बेल्ट में कब्जा जमा लिया है। लोगों ने सर्विस रोड के साथ बनी ग्रिल काट कर आवाजाही के रास्ता बना लिया। वहीं कुछ दुकानदार और आसपास के सेक्टर व कॉलोनियों वासियों ने भी अपनी सहूलियत को देखते हुए अवैध कट बनाए लिए है। इनमें एत्मादपुर चौक, पल्ला, बड़खल, खेड़ीपुल, ओल्ड फरीदाबाद, किसान मजदूर कॉलोनी, सेक्टर-12, 17, 14, 13, बड़ौली, सेक्टर-आठ, सेक्टर-तीन, दो, आईएमटी, सेक्टर-62, 65 में 50 से अधिक जगह ग्रिल को काटकर रास्ते बना लिए हैं। जहां कहीं भी आबादी है, वहीं पर यह काम किया गया है।

स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में बढ़ा जोखिम

एक्सप्रेसवे पर स्ट्रीट लाइटें भी अक्सर खराब रहती हैं। शाम ढलते ही एक्सप्रेसवे अंधेरे में डूब जाता है। रात के अंधेरे में ये अवैध रास्ते दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। सर्दी के मौसम में कोहरे में यह समस्या और विकराल हो सकती है।

धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, ''सर्विस रोड पर ग्रिल काट कर रास्ता बनाने वालों पर विभाग द्वारा पहले भी कार्रवाई की गई थी। जल्द ही फिर से अभियान शुरू किया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi Blast, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।