गाजियाबाद में लोनी के DLF और अंकुर विहार में रहने वालों के लिए गुड न्यूज, अगस्त से मिलेगी यह सुविधा
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में लोनी क्षेत्र के डीएलएफ और अंकुर विहार इलाके में अगस्त से सीवर लाइन की सुविधा मिल सकेगी। सीवर लाइन डालने की योजना का काम 76 फीसदी पूरा हो चुका है। जल निगम की 66.36 करोड़ रुपये की योजना में 6927 मकानों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जाएगा।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में लोनी क्षेत्र के डीएलएफ और अंकुर विहार इलाके में अगस्त से सीवर लाइन की सुविधा मिल सकेगी। सीवर लाइन डालने की योजना का काम 76 फीसदी पूरा हो चुका है। जल निगम की 66.36 करोड़ रुपये की योजना में 6927 मकानों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जाएगा।
लोनी के अंकुर विहार और डीएलएफ इलाके में सीवर लाइन न होने से यहां गंदगी की समस्या रहती है। घरों से निकलने वाली गंदगी भी नालों से होकर नदी में गिरती है, जिससे नदी का पानी भी प्रदूषित होता है। जल प्रदूषण रोकने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जल निगम ने यहां सीवर लाइन डालने का प्रस्ताव बनाया था।
अमृत योजना 2.0 के तहत इस योजना को स्वीकृति मिली और 66.36 करोड़ रुपये की लागत से इसका कार्य जुलाई 2024 में शुरू किया गया था। दोनों इलाकों में 57.61 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन डाली जा रही है, जिसमें से 53 किलोमीटर के दायरे में पाइपलाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा यहां पर एक पंपिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा है, जो घरों से आने वाले गंदे पानी को एसटीपी तक भेजेगा। इसका भी 55 फीसदी तक कार्य पूरा हो गया है। योजना लगभग 76 फीसदी पूरी हो चुकी है। अधिकारियों का दावा है कि जुलाई 2026 तक तय डेडलाइन पर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
एसटीपी में शोधित होगा
अंकुर विहार और डीएलएफ इलाके से निकलने वाला सीवर का पानी लोनी में पहले से संचालित 30 एमएलडी के एसटीपी पर शोधित होगा। अभी एसटीपी पर 20 एमएलडी सीवरेज का शोधन हो रहा है। इन दोनों इलाकों से करीब सात एमएलडी सीवरेज निकलेगा। इसीलिए पंपिंग स्टेशन को 10 एमएलडी का बनाया जा रहा है, ताकि आबादी बढ़ने पर यह ओवरलोड न हो।
50 हजार की आबादी को लाभ
योजना के सर्वे के समय अंकुर विहार और डीएलएफ इलाके में 6,927 मकान चिह्नित किए गए थे। इसी के आधार पर कार्य शुरू किया गया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि कनेक्शन की संख्या सात हजार से अधिक हो सकती है। जुलाई में काम पूरा होने के बाद अगस्त से सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। सीवर नेटवर्क से जुड़ने के बाद दोनों इलाकों में रहने वाली 50 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। अभी सीवर का पानी नालियों में बहता है, जिससे गंदगी बढ़ रही है। लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी और नाले से होकर नदी में जाने वाले सीवर के पानी पर भी रोक लगेगी।
अरुण प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम, ''लोनी में सीवर लाइन डालने का काम समय से चल रहा है। तय समय अवधि में इसे पूरा कर सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे।''





