काम की बात: नोएडा एयरपोर्ट से श्रीनगर के लिए आज से सीधी उड़ानें, बारिश से दूसरे दिन भी सेवाओं पर असर पड़ा
नोएडा एयरपोर्ट से आज से मुंबई और श्रीनगर के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने जा रही है। इससे पहले श्रीनगर के लिए दो कनेक्टिंग फ्लाइट मिल रही थीं, जो चंडीगढ़ और जम्मू में स्टॉपेज ले रही थीं। वहीं, इंडिगो एयरलाइंस भी आज से मुंबई के लिए उड़ानें शुरू कर रही है। अभी आकासा एयरलाइंस मुंबई के लिए सेवा दे रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार से जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस शुक्रवार को मुंबई और श्रीनगर की सीधी उड़ानें शुरू करेगा। श्रीनगर के लिए सीधी फ्लाइट शुक्रवार सुबह 10 बजे उड़ान भरेगी और 11:25 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। इंडिगो ने बीते दिनों श्रीनगर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू की थी। श्रीनगर के लिए दो कनेक्टिंग फ्लाइट मिल रही थीं, जो चंडीगढ़ और जम्मू स्टॉपेज ले रही थीं। इसमें श्रीनगर तक पहुंचने में यात्रियों को ज्यादा समय लग रहा था। यात्रियों को चार घंटे 15 मिनट का समय लग रहा था।
डायरेक्ट फ्लाइट मिलने से समय बचेगा
वहीं, अब शुक्रवार को श्रीनगर के लिए डायरेक्ट फ्लाइट मिलने से समय की बचत होगी। फ्लाइट का टिकट 12,253 रुपये है। हालांकि, यह समय के अनुसार बढ़ और घट सकता है। अब तक मुंबई के लिए उड़ान की सुविधा आकासा एयरलाइंस की ओर से दी जा रही थी। शुक्रवार से मुंबई के लिए भी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट शुरू होगी। शुक्रवार को पहली फ्लाइट दोपहर 2:50 बजे उड़ान भरेगी। मुंबई से आने वाली फ्लाइट सुबह 8:45 बजे और श्रीनगर की फ्लाइट दोपहर 1:35 मिनट बजे एयरपोर्ट आएगी।
टर्मिनल में पानी आने का वीडियो फर्जी निकला
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में बारिश का पानी आने का एक वीडियो सामने आया। कुछ सोशल मीडिया यूजर ने वीडियो को पोस्ट करने के बाद डिलीट कर दिया। वहीं, नोएडा प्रबंधन की ओर से भी वीडियो फर्जी बताया गया। बता दें कि नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को ही उड़ानों का संचालन शुरू हुआ था। वर्तमान में यहां से 17 शहरों के लिए विमान सेवा उपलब्ध है। उक्त वीडियो को नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का बताया गया था। वीडियो में टर्मिनल के फर्श पर बारिश के पानी फैलाव दिखाने की बात कही गई थी। हालांकि, बाद में यूजर ने वीडियो को डिलीट कर दिया।
दूसरे दिन भी सेवाओं पर असर पड़ा
दो दिनों से हो रही बारिश का असर उड़ानों पर भी रहा। पिछले दो दिनों से फ्लाइट ने या तो अपने निर्धारित समय से पहले उड़ान भरी या इसमें देरी हुई। गुरुवार को फ्लाइट की उड़ान में निर्धारित समय से तीन से 10 मिनट तक का अंतर रहा। मौसम को देखते हुए फ्लाइट बारिश से पहले या फिर थोड़ी देरी के बाद उड़ान भरने के लिए रवने पर पहुंचीं। हालांकि, बुधवार के मुकाबले गुरुवार को यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


