काले जादू का शक और किक्रेट बैट-चाकू से ली जान; मेड के लिए दिल्ली का डॉक्टर क्यों बना हैवान?
दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में एक डर्मेटोलॉजिस्ट ने करीब 10 साल से अपने क्लीनिक में काम कर रही 45 वर्षीय मेड को क्रिकेट बैट और चाकू से पीट-पीटकर मार डाला। डॉक्टर को ऐसा लगता था कि उसके घर में जो अशांति रहती है उसके पीछे मेड का हाथ है, और वो काला जादू करती है।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित माउंट कैलाश में 45 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने डर्मेटोलॉजिस्ट (स्किन रोग विशेषज्ञ) डॉ. मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि उसके क्लीनिक में काम करने वाली मेड काला जादू करती थी। पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते डॉक्टर ने महिला की क्रिकेट बैट और चाकू से वार कर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो इमारत की छत पर महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटनास्थल से क्रिकेट बैट और चाकू भी बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी डॉक्टर ने दावा किया कि उसे लगता था कि मेड काला जादू करती थी, जिससे उसके घर में अशांति रहती थी और परिवार परेशान था। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। साथ ही यह भी सामने आया है कि डॉक्टर डिप्रेशन से गुजर रहा था। ऐसे में पुलिस मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
फॉरेंसिक और सीसीटीवी जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वारदात की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बैट, चाकू और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
बैट-चाकू से आरोपी डॉक्टर ने हमला किया
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला पर क्रिकेट बैट से हमला किया और फिर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश तथा घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
10 साल से कर रही थी काम
अमर कॉलोनी स्थित माउंट कैलाश के ए-69 में डॉक्टर ने अपनी क्लीनिक में काम करने वाली 45 वर्षीय मेड मीना की हत्या कर दी। मीना पिछले 10 वर्षों से डॉ. मनीष गुप्ता के यहां काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले क्रिकेट बैट से उसके सिर पर वार किया और फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर चुका है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी डिप्रेशन में था या नहीं और वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
पीसीआर कॉल से मिली जानकारी
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को सुबह 11 बजकर 36 मिनट पर अमर कॉलोनी थाना पुलिस को डॉ. मनीष गुप्ता के घर के पास माउंट कैलाश में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस को कॉल कर कॉलर ने बताया कि यहां पास वाली बिल्डिंग की छत पर एक महिला का कत्ल कर दिया गया है और वह खून से लथपथ पड़ी हुई है। इसके बाद पुलिस अधिकारी तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक महिला का शव पड़ा मिला, जिसकी बाद में पहचान मीना (45 वर्ष) के रूप में हुई। जांच में जुटी पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिरकार ऐसी कौन सी वजह थी, जिसके कारण डॉक्टर ने मेड को मौत के घाट उतार दिया।


