ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली पत्नी की होटल रूम में चाकू गोदकर हत्या, फिर चाय की दुकान चलाने वाले पति ने किया सुसाइड
नॉर्थ दिल्ली स्थित लाहौरी गेट इलाके में एक पति ने कथित तौर पर होटल के कमरे में चाकू गोदकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी आत्महत्या की कोशिश की।

नॉर्थ दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में एक होटल में पति ने कथित तौर पर चाकू गोदकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान प्रकाश (29) के रूप में हुई है और वह राजस्थान के फलोदी का रहने वाला है। मृतक महिला का नाम शिवानी है।
शुरुआती जांच के मुताबिक, कपल ने छह महीने पहले ही शादी की थी। दोनों शादी के बाद एक महीने तक राजस्थान में साथ रहे थे। शिवानी इसके बाद दिल्ली आ गईं और एक ब्यूट पार्लर में जॉब करने लगीं और फालौदी में चाय की दुकान चलाने वाला प्रकाश राजस्थान में रहने लगा।
होटल में बुक किया कमरा और फिर पत्नी भी पहुंची
पुलिस ने बतायता कि घटना से एक दिन पहले आरोपी दिल्ली पहुंचा था और लाहौरी गेट पुलिस स्टेशन इलाके के होटल प्रिंस में एक कमरा बुक किया था। इसके बाद शिवानी भी होटल के कमरे में आई गई। इसके बाद रात में कमरे के अंदर एक पारिवारिक विवाद के वजह से दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद प्रकाश ने कथित तौर पर चाकू से वार कर शिवानी को मौत के घाट उतार दिया।
उन्होंने बताया कि पत्नी पर कथित तौर पर चाकू से हमला करने के बाद प्रकाश ने आत्महत्या की कोशिश की। गुरुवार सुबह होटल के कर्मचारियों ने दोनों को कमरे में बेहोशी की हालत में देखा और फिर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल लेकर गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
पुलिस ने बताया कि शिवानी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि आरोपी प्रकाश का अस्पताल में ईलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ) निहारिका भट्ट ने बताया कि ‘शुरुआती जांच से पता चला है कि पति ने महिला को चाकू मारा था, हत्या के पीछे की असल वजह अभी तक नहीं पता चल सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर झगड़ा किस वजह से हुई और स्थिति इतनी हिंसक क्यों हो गई।’
होटल के कमरे से चाकू बरामद
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। अधिकारियों के मुताबिक, कथित हत्या में इस्तेमाल चाकू को होटल के कमरे से बरामद किया गया है और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांचकर्ता अधिकारी होटल के कमरे की जांच में जुटे हैं और फोरेंसिक सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है और घटना के क्रम को समझने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
बैकग्राउंड तलाशने में जुटी है पुलिस
पुलिस कपल के बैकग्राउंड की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं शिवानी के दिल्ली आने और ब्यूटी पार्लर में जॉब करने के बाद उनके बीच में कोई झगड़ा हुआ था।
पुलिस अब आरोपी प्रकाश के स्वस्थ होने के बाद घटनाक्रम को समझने के लिए उससे विस्तार से बात करेगी।

