दिल्ली के प्रेम नगर में गिरा मकान का छज्जा, गली के बाहर खेल रहा किशोर घायल; सिर पर आए 8 टांके
लड़के के सिर पर 7-8 टांके लगाए गए और फिर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह घर पर है और उसकी हालत स्थित बताई जा रही है।

दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में शनिवार को एक मकान का छज्जा गिर गया। इस हादसे में एक 14 वर्षीय किशोर घायल हो गया। यह हादसा करीब सुबह साढ़े ग्यारह बजे हुआ। किशोर गली के बाहर खेल रहा था तभी मकान का छज्जा उसके ऊपर अचानक आ गिरा। नाबालिग को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
लड़के की चीख-पुकार सुनकर लड़के की मां तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बच्चे को इलाज के लिए आचार्य भिक्षु अस्पताल ले गईं। लड़के के सिर पर 7-8 टांके लगाए गए और फिर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह घर पर है और उसकी हालत स्थित बताई जा रही है।
अधिकारियों और पुलिस ने किया दौरा
वहीं घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अधिकारियों और निगम पार्षद को सूचना दी गई और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे और मकान के आस-पास सेफ्टी टेप लगा दी है ताकि कोई अन्य इस तरह घायल न हो।
एक दूसरे को जानते हैं दोनों परिवार
हादसे में घायल किशोर के माता-पिता ने कहा है कि वे मकान मालिक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं क्योंकि दोनों परिवार एक दूसरे को करीब 40 साल से जानते हैं।
सत्य निकेतन में हाल में हुआ है हादसा
आपको बता दें कि यह हादसा ऐसे समय में सामने आया है जब 6 सितंबर को साउथ कैंपस इलाके में स्थित सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी बिल्डिंग गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें पांच छात्र भी शामिल थे। इस हादसे में पांच अन्य लोग घायल भी हुए। यह बिल्डिंग काफी पुरानी थी और इसमें पिलर भी नहीं थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिल्डिंग निर्माण में तय नियमों का पालन नहीं किया गया था।
बिल्डिंग के मालिक हो चुके गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग के मालिक 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता और उनकी 75 वर्षीय पत्नी उर्मिला गुप्ता के साथ उनके 52 वर्षीय बेटे महेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेशी के बाद हरिराम और उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि महेश को दो दिन की पुलिस कस्टडी दी गई थी। पुलिस ने इसके अलावा इस बिल्डिंग में 'हॉस्टल डेज' नाम से पीजी का संचालन करने वाले शुभम त्यागी और दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट 31 वर्षीय सुधांशु को भी गिरफ्तार किया है।
एमसीडी ने तेज किया हुआ है अभियान
आपको बता दें कि दिल्ली नगर निगम सत्य निकेतन हादसे के बाद शहरभर में असुरक्षित इमारतों, अनधिकृत निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान तेज किया हुआ है। न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक निगम ने शनिवार को भी शहर के सभी 12 जोन में ध्वस्तीकरण की 33 कार्रवाई की और पांच संपत्तियों को सील किया


