सत्य निकेतन में जूते पहन शिव मंदिर की छत पर चढ़ गईं सीएम रेखा गुप्ता? AAP बोली- शर्म आनी चाहिए
दिल्ली आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि सत्य निकेतन दौरे के दौरान सीएम रेखा गुप्ता शिव मंदिर की छत पर जूतों में चलते हुए नजर आईं। सौरभ ने इसके साथ ही वीडियो भी शेयर किया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद से ही लगातार एक्शन मोड में हैं। सीएम लगातार दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर आरोप लगाया है कि सत्य निकेतन दौरे के दौरान सीएम रेखा गुप्ता शिव मंदिर की छत पर जूते पहनकर चलते हुए नजर आईं।
सौरभ ने कहा 'कभी-कभी आदमी रील बनाने के लिए इतना व्याकुल हो जाता है कि वह यह भी भूल जाता है कि वह भगवान के सिर पर जूते लेकर चढ़ गया। यह काम दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके साथ और जो बहुत बड़े हिंदू अपने आप को कहते हैं उनके मंत्री और अफसरों ने किया।'
उन्होंने आगे कहा ‘सत्य निकेतन के भगवान शिव के मंदिर की छत पर आप सब लोगों ने रेखा गुप्ता को देखा कि कैसे जूते लेकर वह कई घंटे वहां पर घूमती रहीं। अगर इस पर भी रेखा गुप्ता या तथाकथित हिंदुओं को शर्म नहीं आती है, तो भाई तुम्हें हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है, तुम्हें कुछ नहीं पता हिंदू धर्म के बारे में।’
'सत्य निकेतन में भाजपा नेताओं की संपत्ति'
सौरभ भारद्वाज ने इससे पहले आरोप लगाया था कि भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं ने सत्य निकेतन में संपत्ति खरीदी हुई हैं और इस वजह से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) यहां पर एक्शन नहीं लेती।
भारद्वाज ने कहा है कि 'देखिए कल से सोशल मीडिया पर लोग खुलेआम कह रहे हैं भारतीय जनता पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं ने यहां पर संपत्तियां खरीदी हुई हैं। ये जो छात्रों के साथ पीजी के नाम पर लूट हो रही है और एमसीडी उसके ऊपर कार्रवाई नहीं कर रही उसका कारण ये है कि यहां पर बहुत बड़े-बड़े नेताओं ने संपत्ति ले रखी है। हमारी मांग है मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से कि किन किन की संपत्ति यहां पर हैं उसे सार्वजनिक किया जाए लोगों को पता चल जाएगा कि कौन-कौन लोग हैं जो यहां पर 'पीजी माफिया' चला रहे हैं। यहां पर 'पीजी सिंडिकेट' चल रहा है।'
रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म, 7 की मौत
आपको बता दें कि सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। मलबे से कुल 12 लोगों को निकलकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जिनमें 7 लोगों की मौत हो गई और 5 का इलाज चल रहा है इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बिल्डिंग मालिक, पत्नी और बेटा गिरफ्तार
इस बीच दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक हरिराम की पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। बेटे महेश के नाम बिजली कनेक्शन तो वहीं प्रॉपर्टी के कागजात उर्मिला के नाम पर हैं।


