जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में नेहा बोरा की ‘हमशक्ल’ ने कर दिया गजब का खेल, पुलिस भी खा गई गच्चा!
सेंट्रल दिल्ली में प्रोटेस्ट के दौरान दिल्ली पुलिस ने नेहा बोरा की तरह दिखने वाली महिला को हिरासत में लेने की कोशिश की। इस दौरान असली नेहा बोरा कनॉट प्लेस में थीं। यह मामला देखते ही देखते चर्चा में आ गया।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा की हमशक्ल चर्चा में है। वजह है जिस वक्त असली नेहा बोरा पुलिस की नजरों से बचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर प्रोटेस्ट कर रही थीं उसी समय हमशक्ल भी किसी दूसरी जगह संघर्ष कर रही थीं। इस दौरान पुलिस ने पीछा भी किया और जब उन्हें पकड़ा तो पता चला कि वह नेहा बोरा नहीं बल्कि उनकी हमशक्ल हैं।
इंडिया टुडे के मुताबिक, आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली पुलिस के जवानों ने दौड़कर एक महिला का पीछा किया और पकड़ भी लिया। सभी को लगा कि उन्होंने छात्र संगठन की नेता नेहा बोरा को पकड़ लिया मगर सच्चाई कुछ और निकली। असली नेहा बोरा तो कनॉट प्लेस में अपने साथियों के साथ प्रोटेस्ट कर रही थीं। यानी दोनों के बीच करीब 2 किलोमीटर का फासला था। यानी पुलिस गलत पहचान के मामले में उलझ कर रह गई।
घटनाक्रम की शुरुआत की वजह?
दरअसल इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत नेहा बोरा की एक्स पोस्ट से हुई जिसमें उन्होंने अपने समर्थकों से कहा था कि 'क्या आपका ध्यान मुझ पर है? ध्यान से देखिए, तैयार रहिए। समय और जगह जल्द बता दी जाएगी।'
वहीं इसके कुछ घंटों बाद नेहा एक दूसरा वीडियो जारी करती हैं जिसमें सूचना देती हैं कि दोपहर ढाई बजे आरके आश्रम में इकट्ठा होना है। इसके साथ ही वे कहती हैं वहां मिलते हैं, देर मत कीजिएगा।
इधर हमशक्ल को बस में बिठाने लगी पुलिस
इधर नेहा बोरा की हमशक्ल आरके आश्रम में थीं और जैसे ही महिला पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर बस में बिठाने लगे तभी सभी को यह एहसास हुआ कि वे नेहा बोरा नहीं। इस दौरान मीडियाकर्मी भी कहने लगे की नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया गया है। कन्फ्यूजन की एक वजह ये भी थी कि चेहरा ही नहीं महिला का पहनावा भी कुछ वैसा ही था जैसा नेहा बोरा का है। मास्क, गले में लाल कपड़ा और गोल काले फ्रेम वाला चश्मा
वहीं दूसरी ओर, इस भ्रम के बीच पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों का पीछा किए जाने के दौरान असली नेहा बोरा कनॉट प्लेस में दिखाई दीं।
नेहा बोरा ने घटनाक्रम पर दी क्या प्रतिक्रिया?
नेहा बोरा ने एक्स पर खुद एक वीडियो पोस्ट कर भी यह जानकारी दी कि 'हमने बैरिकेड्स पार कर लिए हैं और कनॉट प्लेस पहुंच गए हैं।' बहरहाल आखिरकार असली नेहा बोरा को विजय चौक से पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
वहीं गलत पहचान का यह मामला चर्चा में आया तो नेहा बोरा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा है कि 'दो नेहाओं की कहानी, यह महज इत्तेफाक है, इसके पीछे कोई रणनीति नहीं।' दरअसल कई लोगों ने कहा है कि पुलिस को चकमा देने की यह रणनीति AISA की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा ने खुद बनाई।

