नरवणे की किताब पर रार: राहुल के दावों के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस, नोटिस जारी कर पेंगुइन से मांगे जवाब
यह विवाद बीते हफ्ते तब शुरू हुआ, जब राहुल गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस में हिस्सा लेते हुए अपने भाषण के दौरान किताब के कुछ हिस्सों का जिक्र किया, जिसे उन्होंने 'प्रिंट से पहले का' स्वरूप बताया।

पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' के लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (पीआरएचआई) को नोटिस जारी किया है। इससे पहले पुलिस ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार मंचों पर चल रही उन खबरों का संज्ञान लिया था, जिनमें यह दावा किया गया है कि किताब की एक प्री-प्रिंट कॉपी सार्वजनिक रूप से प्रसारित की जा रही है।
इंडिया टुडे में छपी खबर के मुताबिक, नोटिस में अप्रकाशित किताब से संबंधित कई सवालों के जवाब मांगे गए हैं और प्रकाशक पेंगुइन इंडिया से जांच में सहयोग करने को कहा गया है, क्योंकि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं इस मामले में पेंगुइन इंडिया ने अपनी सफाई में कहा है कि नरवणे की किताब न छपी, न बिकी और न ही बांटी गई है। कंपनी ने साथ ही चेतावनी दी है कि किताब का प्रिंट या पीडीएफ फॉर्म में शेयर करना उसके कॉपीराइट का उल्लंघन है और इसे तुरंत रोकना होगा। वहीं खुद नरवणे ने भी पेंगुइन के इस दावे पर अपनी मुहर लगा दी थी।
किताब को लेकर इतनी चर्चा कैसे शुरू हुई?
आपको बता दें कि यह विवाद बीते हफ्ते तब शुरू हुआ, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस में हिस्सा लेते हुए अपने भाषण के दौरान किताब के कुछ हिस्सों का जिक्र किया, जिसे उन्होंने 'प्रिंट से पहले का' स्वरूप बताया। उनकी बातों का सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ा विरोध किया, जिससे सदन बार-बार स्थगित भी हुआ।
राहुल ने किया साल 2023 की पोस्ट का जिक्र
राहुल गांधी ने किताब से जुड़े नरवणे के साल 2023 की एक पोस्ट का जिक्र भी किया है। उन्होंने कहा है कि नरवणे ने 15 दिसंबर, 2023 ट्विटर (अब एक्स) पर ट्वीट कर कहा था कि में ‘हैलो दोस्तों, मेरी किताब अब उपलब्ध है। बस लिंक को फॉलो कीजिए। हैपी रीडिंग, जय हिंद।’
'प्रकाशक झूठ बोल रहा है या फिर नरवणे'
राहुल गांधी ने कहा है कि या तो प्रकाशक झूठ बोल रहा है या फिर नरवणे। उन्होंने कहा है कि 'मुझे नहीं लगता कि पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल नरवणे झूठ बोलेंगे। किताब में सरकार और प्रधानमंत्री के लिए कुछ असहज बातें लिखी गई हैं। मैं पेंगुइन की बजाय नरवणे जी की बात पर भरोसा करता हूं।'
लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



