DUSU में निर्दलीय जीते दीपांशु शौकीन ने बताई कांग्रेस की हार की असल वजह, राहुल गांधी का नाम ले गिनाईं कमियां
डूसू चुनाव में निर्दलीय जीते दीपांशु शौकीन ने कांग्रेस की हार की क्या वजहें हैं इसबारे में बताया है। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर बहुत बड़ा गैप है। इसके अलावा उन्होंने और भी वजह बताई है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (डूसू) चुनाव में वाइस प्रेसिडेंट पोस्ट पर निर्दलीय जीते दीपांशु शौकीन की जमकर चर्चा हो रही है। दीपांशु डूसू चुनावों के इतिहास में पहले ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्होंने बतौर निर्दलीय वाइस प्रेसिडेंट पद पर जीत हासिल की है। दीपांशु को कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से टिकट नहीं मिला था जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय ही मैदान में उतरने का फैसला लिया।
दीपांशु ने कांग्रेस की हार की कुछ वजहों का जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि जमीन स्तर पर बहुत बड़ा गैप है। इसके साथ ही उन्होंने अंदरूनी राजनीति का भी जिक्र किया है। दीपांशु ने कहा 'लीडरशीप और सीनियर लीडरशीप को भी ये समझना चाहिए कि जो लोग जमीन पर हैं उनके साथ इनका कनेक्शन नहीं है। वे जमीनी स्तर पर मौजूद नहीं रहते और पता नहीं रहता कि कौन काबिल है, जेन-जी किसके साथ हैं।'
उन्होंने आगे कहा 'राहुल गांधी जी की इतनी बड़ी मुहिम 'छात्रों की गूंज' चल रहे हैं और जेन-जी उन्हें पसंद करते हैं। और उन सबको जमीनी स्तर पर उतारने का लीडरशीप का है लेकिन जमीनी स्तर पर बहुत बड़ा गैप है। वे ग्राउंड लेवल पर आते नहीं हैं और ऊपर के लेवल (लीडरशिप) तक हमारी बात पहुंचती नहीं है। तो कहीं न कहीं इस वजह से पार्टी को नुकसान होता है क्योंकि काबिल लोग रह जाते हैं। शायद अंदरूनी राजनीति या बाहरी दबाव की वजह से दूसरों को टिकट मिल जाते हैं। और नतीजन इससे पार्टी को नुकसान होता है।'
एक भी पद पर जीत नहीं सकी एनएसयूआई
दरअसल डूसू चुनाव में एनएसयूआई चार पद में से किसी पर भी जीत हासिल नहीं कर सका। वहीं निर्दलीय ही जीतकर दीपांशु ने सभी को चौंका दिया। उन्हें कुल 30,615 वोट मिले। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने चुनाव में चार पद में से तीन पर जीत दर्ज की है।
चार साल से स्टूडेंट्स के बीच थे दीपांशु
आपको बता दें कि दीपांशु बीते चार सालों से स्टूडेंट्स के बीच थे। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर छात्रों के मुद्दों को लगातार उठाया। चुनाव प्रचार के दौरान तो वे नंगे पैर ही प्रचार करते नजर आए थे। ऐसा इसलिए क्योंकि सत्य निकेतन में पीजी बिल्डिंग हादसे के बाद से ही उन्होंने तय किया था कि वे नंगे पैर ही प्रचार करेंगे ताकि स्टूडेंट्स को होने वाली परेशानियों को वे भी महसूस कर सकें। आपको बता दें कि दीपांशु के पिता बस कंडक्टर हैं। दीपांशु ने भगत सिंह कॉलेज से ग्रेजुएशन की है। वे फिलहाल डीयू से फिलहाल बुद्धिस्ट स्टडीज की पढ़ाई कर रहे हैं।


