दिल्ली में अगले महीने से शुरू होंगी 150 नई इलेक्ट्रिक बसें, परिवहन मंत्री का एलान
दिल्ली के परिवहन मंत्री ने सोमवार को बताया है कि राजधानी में अगले महीने से 150 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने जा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि सरकार ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

दिल्ली सरकार अगले महीने राजधानी की सड़कों पर 150 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारेगी। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को परिवहन विभाग के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन विजन के तहत दिल्ली को 'ग्रीन कैपिटल' बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों और उनसे जुड़े बुनियादी ढांचे को तेजी से मजबूत कर रही है। बस डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास भी साथ-साथ किया जा रहा है, ताकि नई बसों को बिना किसी देरी के परिचालन में लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वच्छ और ग्रीन दिल्ली का निर्माण करना है और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए जरूरत के मुताबिक परिवहन ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में दिल्ली में 40 बस डिपो से करीब 5,088 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। तीन अन्य नये बस डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग सुविधा स्थापित करने का काम तेजी से चल रहा है।
अगले दो साल में पूरा होने की उम्मीद
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत भी बड़े स्तर पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। पीएम- ई ड्राइव-1 के तहत दिल्ली के 16 बस डिपो में 2,800 इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग क्षमता वाला ढांचा तैयार किया जायेगा। वहीं, पीएम- ई ड्राइव-2 के तहत 16 अन्य बस डिपो में 2,710 इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग क्षमता विकसित की जाएगी। इन परियोजनाओं को अगले दो वर्षों में अलग-अलग चरणों में पूरा किए जाने की उम्मीद है।
दौराला और झुलझुली में नए डिपो
सरकार दौराला और झुलझुली में भी दो नए बस डिपो विकसित कर रही है। इनकी क्षमता क्रमश: 250 और 500 बसों की होगी। इन डिपो के निर्माण से दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और वहां के यात्रियों को राजधानी के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 300 करोड़ रुपये मंजूर
राज्य सरकार ने दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम में सात बस डिपो पर इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। इसके लिए हाल में व्यय वित्त समिति (ईएफसी) बैठक में बजट को मंजूर किया गया है। डीटीसी के बेड़े में अभी 5 हजार से ज्यादा ई-बसें हैं सरकार की प्लानिंग है कि 2029 तक इसे 14 हजार तक पहुंचाया जाए। यही वजह है कि दिल्ली सरकार ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
(वार्ता के इनपुट के साथ)

