काम की बात: दिल्ली में बैंक और स्कूल खुलेंगे या नहीं, 11 से 13 सितंबर तक कहां पाबंदियां; पूरी डिटेल
राजधानी में आयोजित हो रहे ब्रिक्स समिट के लिए तमाम तरह की तैयारियां की जा चुकी हैं। दिल्ली में 11 से 13 सितंबर के दौरान क्या खुला रहेगा और क्या बंद आइए जानते हैं।

ब्रिक्स सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में हो रहा है। सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रमुख और उनके प्रतिनिधिमंडल इसमें शामिल होने आ रहे हैं। राजधानी दिल्ली में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। दिल्ली में 11 से 13 सितंबर के बीच क्या बंद है और क्या खुला है इस बारे में जान लेते हैं।
स्कूल
दिल्ली में 11 सितंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। इनमें दिल्ली शिक्षा निदेशालय के तहत आने वाले सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूल शामिल हैं।
सरकारी दफ्तर
दिल्ली सरकार के सभी दफ्तर, स्वायत्त संस्थाएं और पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (पीएसयू) 11 सितंबर को बंद रहेंगे। 18वें ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए उपराज्यपाल ने 11 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की हुई है। आपके मन में यह सवाल जरूर होगा कि सम्मेलन तो 12 से 13 सितंबर के बीच है तो 11 सितंबर को स्कूल और सरकारी दफ्तर की छुट्टी क्यों रखी गई है? दरअसल लिए सम्मेलन के लिए ज्यादातर विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और गणमान्य व्यक्ति 11 सितंबर को ही भारत आ जाएंगे। उनकी सुरक्षा और ट्रैफिक रूट पहले से तय है। इसलिए 11 सितंबर को छुट्टी का एलान किया गया है।
राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान 11 से 13 सितंबर तक आम लोगों के लिए बंद रहेंगे।
क्या खुला रहेगा?
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के हॉलिडे कैलेंडर में 11 सितंबर को छुट्टी के तौर पर मार्क नहीं किया गया है। ऐसे में 11 सितंबर को बैंक खुले रहेंगे।
प्राइवेट ऑफिस
प्राइवेट ऑफिस भी आम दिनों की तरह 11 सितंबर को खुले रहेंगे। सेंट्रल दिल्ली और वीवीआईपी मेहमानों की आवाजाही के वजह से प्रभावित इलाकों में ट्रैफिक पाबंदियों, डायवर्जन और देरी का सामना कर पड़ सकता है।
दिल्ली मेट्रो
दिल्ली मेट्रो की सभी लाइन पर सम्मेलन के दौरान सर्विस चालू रहेंगी। हालांकि 11 सितंबर से 13 सितंबर तक सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम बंद रहेगा। वहीं विदेशी मेहमानों की आवाजाही के वजह से दिल्ली में कुछ बसों का रूट बदला जा या सर्विस को कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। ऐसे में घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जरूर चेक करें।
कैब सर्विस चालू रहेगी?
इसके अलावा कैब सर्विस भी चालू रहेगी। हालांकि ड्राइवरों को सलाह दी गई है कि वे वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए प्रतिबंधित इलाकों में पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ न रखें।
दिल्ली में भारी सुरक्षा
आपको बता दें कि राजधानी में लगभग 15,000 कर्मियों और अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियों को तैनात किया गया है। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही से जुड़े यातायात प्रतिबंध 10 सितंबर से शुरू होंगे और लगभग 14 सितंबर तक जारी रह सकते हैं।


