काम की बात: BRICS समिट: 12 सितंबर की शाम कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन, इन रूट पर जाने से बचें
BRICS Summit 2026: राजधानी में 18वें ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शनिवार रात 8 बजकर 15 मिनट से रात 11 बजे तक कई मुख्य सड़कों पर पाबंदियां लागू रहेंगी।

BRICS Summit 2026: राष्ट्रीय राजधानी में 18वें ब्रिक्स समिट को देखते हुए 12 सितंबर की शाम को कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक पाबंदियां और डायवर्जन लागू रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक पाबंदियां रात 8 बजकर 15 मिनट से रात 11 बजे तक लागू रहेंगी। इस दौरान सेंट्रल दिल्ली और उसके आस-पास ट्रैफिक की आवाजाही को रेगुलेट किया जाएगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ट्रैफिक एडवाइजरी मैप के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने वाली कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक की आवाजाही को कंट्रोल किया जाएगा, वहीं भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आस-पास के इलाके को प्रतिबंधित घोषित किया जा चुका है।
मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक को दूसरी ओर मोड़ा जाएगा, वाहन चालकों को सलाह दी गई है वे ट्रैफिक पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित इलाके में सफर करने से बचें।
किन इलाकों में ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित?
इंडिया गेट, कर्तव्य पथ के आसपास, जनपथ, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, भगवान दास रोड, मथुरा रोड और प्रगति मैदान इलाके के आस-पास और इन इलाकों को आपस में जोड़ने वाली सड़कों पर ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाए और जितना संभव हो मेट्रो से ट्रैवल करें। इसके अलावा ब्रिक्स समिट के वजह से प्रभावित इलाकों में ट्रैवल की योजना है तो अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
दिल्ली पुलिस ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को आवाजाही में प्राथमिकता दी जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और आईएसबीटी की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और जहां भी संभव हो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है।
पहुंच चुके कई दिग्गज नेता
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान समेत दुनिया के के कई देशों के नेता समिट में शामिल हुए हैं।
शनिवार-रविवार को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की जबकि रविवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। आपको बता दें कि राजधानी के कुछ इलाकों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की गई है।


