अरविंद केजरीवाल ने किया सुंदरकांड पाठ तो BJP बोली- नौटंकीबाज हिंदू; मस्जिद पर नानी वाली वो बात भी याद दिलाई
अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के रोहिणी में सुंदरकांड पाठ करवाया। बीजेपी ने इसपर केजरीवाल को नौटंकीबाज राजनीतिक हिंदू करार दिया है। बीजेपी ने इसके साथ ही केजरीवाल का एक पुराने बयान का भी जिक्र किया है।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम की जमकर आलोचन की है। सिग्नेचप कैंपेन शुरू करने के लिए किए गए इस कार्यक्रम को बीजेपी ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का राजनीतिक छलावा करार दिया। बीजेपी का कहना है कि इस कार्यक्रम का मकसद आने वाले राज्यों के चुनावों में फायदा उठाना है।
आप ने रविवार को अयोध्या में स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी में शामिल लोगों को सजा दिलाने के मकसद से दिल्ली के रोहिणी स्थिति जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ के बाद सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया है। सुंदरकांड रामचरितमानस का एक पाठ है जो कि भगवान हनुमान को समर्पित है।
केजरीवाल ने लोगों से की अपील
केजरीवाल ने कहा है कि यह कैंपेन भगवान हनुमान के आशीर्वाद से शुरू किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लिखे पत्र पर सिग्नेचर करके ज्यादा से ज्यादा इस कैंपेन में हिस्सा लें। आपको बता दें कि इस पत्र में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने बोला तीखा हमला
वहीं दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल के सुंदरकांड पाठ को राजनीतिक छलावा करार दिया है। उन्होंने कहा ‘अरविंद केजरीवाल के लिए सुंदरकांड पाठ का आयोजन एक राजनीतिक छलावा मात्र है। वे सुंदरकांड का आयोजन कर अपनी राजनीतिक स्थिति सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल बताएं कि वे कब तक हनुमान जी और सुंदरकांड पाठ के नाम पर अपनी बगुला भक्ति दिखाकर हिंदू धर्म की भावनाओं का अपमान करते रहेंगे। आज रोहिणी में सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर रहे केजरीवाल यह भी बताएं कि साल 2024 में घोषित सुंदरकांड पाठ की श्रृंखला को उन्होंने बीच में क्यों छोड़ दिया था।’
हर्ष मल्होत्रा ने कहा ‘केजरीवाल साबह नौटंकीबाज हिंदू हैं, राजनीतिक हिंदू हैं। जब-जब परेशानी में आते हैं तब-तब इन्हें राम याद आते हैं। आज केजरीवाल साहब को सुंदरकांड याद आ रहा है। 2024 में भी इन्होंने ऐसे ही कहा था कि हम महीने के पहले मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ किया करेंगे। मगर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। राम मंदिर और सुंदरकांड पर फिलहाल इसलिए ध्यान दिया जा रहा है क्योंकि वे पंजाब समेत अन्य राज्यों के चुनावों के लिए हिंदू वोटरों को अपने पाले में लाना चाहते हैं।’
केजरीवाल को एक और पुराने बयान पर घेरा
हर्ष मल्होत्रा ने आगे कहा 'केजरीवाल को याद दिलाना चाहता हूं कि इन्होंने कहा था कि इनकी नानी ने कहा है कि जो राम मंदिर मस्जिद तोड़कर बनेगा उसमें मैं नहीं जाऊंगा। उस राम को मैं नहीं मानूंगा। क्योंकि अब देश में इन्हें जो चुनावी हालात दिखाई देते हैं पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की प्रचंड बहुमत से सरकार आई है तो अब इनको डर लगने लगा है कि कहीं पंजाब के चुनाव में भी ऐसी हार न हो जाए। तो ये नौटंकी इनकी फिर शुरू हुई है और इनका राजनीतिक हिंदूकरण होता दिखाई दे रहा है। मैं केजरीवाल को कहना चाहता हूं कि ये सुंदरकांड की नौटंकी छोड़िए और पंजाब की जनता की सेवा में लगे।


