'चादर से ढककर उनके'... सोनम वांगचुक को पुलिस ने जबरन उठाया तो भड़के अरविंद केजरीवाल
दिल्ली पुलिस शनिवार सुबह सोनम वांगचुक को जबरन अस्पतला ले गई जहां उनका ईलाज जारी है। इस बीच अरविंद केजरीवाल ने पुलिस के एक्शन पर सवाल उठाए हैं। केजरीवाल ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा है।

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने उनके अनशन के 21वें दिन जबरन जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया। सोनम वांगचुक के शांतिपूर्ण अनशन के बीच अचानक पुलिस के एक्शन पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखा हमला बोला है।
केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने पुलिस के इस एक्शन पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा ‘आज सुबह-सुबह जब सोकर उठे तो सुनने को मिला की सोनम वांगचुक जी को बहुत ही गलत तरीके से उठा लिया गया है उनका अनशन तोड़ने की कोशिश की गई है। सादे कपड़े में पुलिस भेजकर चारों तरफ से चादर से ढककर उनके साथियों के साथ बदसलूकी बदतमीजी, धक्के मुक्के मारकर उन्हें उठाकर अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया।’
'ऐसे तो अंग्रेज भी नहीं करते थे'
केजरीवाल ने आगे कहा 'गांधी जी ने कितने लंबे-लंबे अनशन किए थे। ऐसे तो अंग्रेज भी नहीं करते थे। क्या इसी के लिए हमने आजादी ली थी कि एक दिन ऐसा आएगा कि जब हमारी सरकार हम लोगों के साथ बदसलूकी करेगी। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि ये बच्चे क्या मांग रहे हैं, ये हमारे देश के बच्चे हैं इनके साथ इस तरह की बदसलूकी करना सही नहीं है। ये बच्चे यही तो मांग रहे हैं कि हमें अच्छी शिक्षा व्यवस्था चाहिए। बच्चे यही तो मांग रहे हैं कि पेपर लीक नहीं होने चाहिए और परीक्षाओं के लिए अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। उसपर ध्यान देने की बजाय सरकार का पूरा फोकस इस चीज पर है कि इनके आंदोलन को कैसे फेल और अपमानित किया जाए। मैं मोदी जी से प्राथना करता हूं कि ऐसे मत करो। इतना अहंकार मत करो। इतना अहंकार अच्छा नहीं होता। इतिहास गवाह है कि जब-जब किसी ने इतना अहंकार किया है उस आदमी का नाश हुआ है।'
केजरीवाल ने इसके अलावा एक अन्य पोस्ट में सोनम वांगचुक की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा ‘मजबूत रहिए सोनम जी!पूरा देश आपके साथ है।’
जंतर-मंतर भी पहुंचे थे केजरीवाल
केजरीवाल हाल में खुद जंतर-मंतर पहुंचे थे और सोनम वांगचुक के अनशन और कॉकरोच जनता पार्टी को अपना समर्थन दिया था। केजरीवाल ने इस दौरान मंच से अपने संबोधन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तो की ही साथ एक सुझाव भी दे डाला। केजरीवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाना चाहिए।
28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे
आपको बता दें कि वांगचुक नीट में कथित अनियमितताओं और इस विवाद से जुड़े छात्रों की मौतों के मामलों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में जारी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।


