धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जमकर थिरकीं नेहा बोरा, प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी संग आई थीं नजर; VIDEO वायरल
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा जमकर जश्न मना रही हैं। नेहा ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किया है जिसमें वे जमकर थिरकती नजर आ रही हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी 22 दिनों तक अनशन पर बैठी थीं। छात्र आंदोलन के 36वें दिन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्य जमकर थिरक रहे हैं तो वहीं नेहा बोरा ने भी जमकर डांस किया।
सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाली नेहा बोरा ने खुद इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर बताया है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उन्होंने कैसे जश्न मनाया। वीडियो शेयर करते हुए नेहा बोरा ने कैप्शन में लिखा ‘अगर मैं नाच नहीं सकती, तो यह मेरे लिए क्रांति नहीं होगा।’
राहुल गांधी के साथ भी आए थे नजर
अनशन तोड़ने के बाद नेहा और उनके साथ अनशन पर बैठे अन्य दो छात्र लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आए थे। राहुल ने प्रेस ब्रीफिंग में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और उनकी मांगों को लेकर सरकरा को घेरने की कोशिश की थी।
वीडियो में देखा जा सकता है कि नेहा के साथ उनके अन्य साथी भी जमकर थिरकते नजर आ रहे हैं। सभी बॉलीवुड फिल्म 'दिल से' के गाने छैया-छैया पर जमकर थिरके। आपको बता दें कि नेहा के अलावा अन्य दो छात्र भी 22 दिन के अनशन पर थे और तीनों ने एकसाथ ही अपना अनशन तोड़ा था।
प्रधान के इस्तीफे के बाद क्या बोलीं नेहा बोरा?
नेहा बोरा ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद कहा है कि ‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सिर्फ एक व्यक्ति का इस्तीफा नहीं। इसने निराशा के माहौल को तोड़ा है। इसने इस धारणा को तोड़ा है कि लोग कितना भी विरोध करें, कुछ नहीं बदलता। यह जीत दिखाती है कि एक दमनकारी शासन के खिलाफ भी जीत संभव है। 29 जुलाई (सीजेपी का संसद मार्च) की हिंसा ने देश के युवाओं को संघर्ष करना सिखाया है।’
कॉकरोच पार्टी ने भी की जमकर पार्टी
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने भी जमकर जश्न मनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हैं जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका समर्थकों के साथ जमकर थिरकते नजर आ रहे हैं। इस दौरान अभिजीत दीपके भी साथ ही मौजूद थे। आपको बता दें कि दीपके टाइफाइड से जूझ रहे हैं और उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को उनके अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन उठाए जाने के बाद अभिजीत दीपके खुद जंतर-मंतर पर बैठ गए थे। हालांकि उन्होंने करीब 2 दिन बाद अपना अनशन तोड़ दिया था।


