सत्य निकेतन हादसे के बाद भाजपा नेता को सता रहा बड़े हादसे का डर, बोले- इमारतें जर्जर
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता विजय गोयल ने दिल्ली में अवैध निर्माण पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता विजय गोयल ने सत्य निकेतन पीजी बिल्डिंग हादसे के बाद दिल्ली में अवैध निर्माण पर चिंता जताई है। गोयल ने कहा है कि अवैध निर्माण पर तत्काल रोक, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही और जर्जर भवनों की सुरक्षा जांच जरूरी है।
गोयल ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा 'मैं लगातार दिल्ली में अवैध निर्माणों के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं, लेकिन दुर्भाग्य से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। पुरानी दिल्ली और चांदनी चौक में आज भी खुलेआम छह-छह मंजिल तक अवैध निर्माण हो रहे हैं। दूसरी ओर, अनेक पुराने भवन पहले से ही जर्जर और खतरनाक स्थिति में हैं।'
उन्होंने आगे कहा 'यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है। वर्षों से चली आ रही इस समस्या पर यदि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) कमिश्नर भी प्रभावी कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दें, तो सवाल उठता है कि आखिर जवाबदेही किसकी है? सिर्फ कॉस्मेटिक कार्रवाई नहीं, बल्कि अवैध निर्माण पर तत्काल रोक, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही और जर्जर भवनों की सुरक्षा जांच जरूरी है।'
हादसे पर जताया गहरा दुख
गोयल ने इससे पहले सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वालों के लिए दुख जताया था। उन्होंने कहा था कि ‘दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर घायलों को जल्द स्वस्थ करे।’
हादस में 7 लोगों की मौत हो चुकी
आपको बता दें कि सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। मलबे से कुल 12 लोगों को निकलकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जिनमें 7 लोगों की मौत हो गई और 5 का इलाज चल रहा है इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
एमसीडी अधिकारियों पर बड़ा एक्शन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को दूसरे दिन घटनास्थल पहुंचीं और बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक उपायुक्त समेत पांच अधिकारियों को सोमवार को सस्पेंड कर दिया गया है। एमसीडी के साउथ जोन के उपायुक्त (डीसी) राकेश कुमार के साथ-साथ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड किया गया है।
दोपहर डेढ़ बजे ढह गई थी बिल्डिंग
बिल्डिंग रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उस समय ढह गई थी, जब उसके बेसमेंट में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बेसमेंट में पानी भरा हुआ था, जिससे आशंका है कि ढांचा कमजोर हो गया होगा।

