दिल्लीवालों को मिलने वाली है क्रूज की सवारी, इस तारीख से शुरू होगी खास सेवा

Feb 07, 2026 11:51 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 20 फरवरी से सोनिया विहार और जगतपुर के बीच यमुना क्रूज सेवा शुरू होगी। 32 सीटों वाली इस अत्याधुनिक बोट में यात्री 5 किलोमीटर लंबे सफर का आनंद ले सकेंगे।

दिल्लीवालों को मिलने वाली है क्रूज की सवारी, इस तारीख से शुरू होगी खास सेवा

प्रदूषण की खबरों के बीच यमुना नदी को लेकर दिल्लीवालों के लिए एक अच्छी खबर आई है। अब आप दिल्ली में ही क्रूज का आनंद ले सकेंगे। दिल्ली सरकार यमुना नदी में पर्यटन को बढ़ावा देने और नदी के कायाकल्प के हिस्से के रूप में एक खास यमुना क्रूज सर्विस शुरू करने जा रही है। क्रूज कबसे चलेगी इसकी तारीख भी सामने आ गई है।

कब से शुरू होगा सफर?

दिल्ली सरकार की योजना के मुताबिक, इस क्रूज सर्विस की लॉन्चिंग 20 फरवरी 2026 को की जाएगी। इससे पहले 16 या 17 फरवरी को इसका ट्रायल रन होगा। यह तारीख इसलिए खास है क्योंकि इसी समय दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार अपना पहला साल पूरा करने का जश्न मना रही होगी।

रूट और टाइमिंग

अधिकारियों के मुताबिक, यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगा। यह सफर 5 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें करीब एक घंटे का समय लगेगा। यात्री यमुना के घाटों और नदी किनारे के प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके लिए बाकायदा जेटी, टिकट काउंटर और वेटिंग एरिया भी बनाए जाएंगे।

कैसा है यह क्रूज? फीचर्स जानकर हो जाएंगे खुश

इस बोट को मुंबई की कंपनी इंस्पिरेशन मरीन प्राइवेट लिमिटेड ने तैयार किया है। यह एक 40 फुट लंबा कैटमरैन है, जो पानी में काफी स्थिर रहता है और डगमगाता नहीं है। इसमें क्रू मेंबर्स सहित 32 लोग एक साथ सफर कर सकेंगे। नीले और मरून रंग की इस बोट में बड़े-बड़े ग्लास विंडो लगे हैं, ताकि अंदर बैठे लोग बाहर का नजारा साफ देख सकें। इसमें लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग और आग बुझाने के उपकरण मौजूद हैं।

एक और तोहफा: 500 नई इलेक्ट्रिक बसें

सिर्फ क्रूज ही नहीं, सरकार की पहली सालगिरह पर दिल्ली को और भी तोहफे मिलने वाले हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 8 फरवरी को रामलीला मैदान से 500 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगी। फिलहाल, क्रूज बोट मुंबई से ट्रेलर के जरिए दिल्ली पहुंच चुकी है और सोनिया विहार स्पोर्ट्स क्लब में रखी गई है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें