
दिल्ली-NCR में फिर झमाझम बारिश होगी, 40 की स्पीड से हवाएं भी चलेंगी; 2 दिन के लिए IMD का येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। हिमालय में बन रहे एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण तीन दिनों तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। हिमालय में बन रहे एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण तीन दिनों तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली में पिछले दो दिनों से बादल छाए हुए हैं। जल्द ही फिर से बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में असर दिखाएगा। इससे तीन दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली के लोगों ने बुधवार को कड़ाके की ठंड का अनुभव किया। अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 3.7 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 4.2 डिग्री अधिक है। वहीं, गुरुवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
40 की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दोनों दिन गरज के साथ बारिश होने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच और न्यूनतम 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
सोमवार को भी बूंदाबादी की आशंका
मौसम विभाग ने सोमवार को भी बूंदाबादी की आशंका जताई है। सोमवार को तापमान में किसी बदलाव में कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। मंगलवार को भी तापमान में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
'खराब' श्रेणी में रहा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बुधवार शाम 4 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 255 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 28 से 29 जनवरी तक वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रहने की संभावना है, जबकि 30 से 31 जनवरी तक यह 'अत्यंत खराब' श्रेणी में रहेगी। बुधवार शाम तक 10 स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता 'अत्यंत खराब' दर्ज की गई, 21 स्टेशनों पर 'खराब' श्रेणी में और 8 स्टेशनों पर 'मध्यम' श्रेणी में रही।





