दिल्ली में आज से 3 दिन पड़ेगी प्रचंड गर्मी! लू का येलो अलर्ट जारी, कब मिलेगी बारिश वाली राहत

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi Weather News : दिल्ली-एनसीआर के लोग इन दिनों सबसे ज्यादा गर्म मौसम का सामना कर रहे हैं। दिल्ली में 16 मई के बाद से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बीते सप्ताह भर दिल्ली में लू की स्थिति बनी रही।

दिल्ली में आज से 3 दिन पड़ेगी प्रचंड गर्मी! लू का येलो अलर्ट जारी, कब मिलेगी बारिश वाली राहत

दिल्ली में दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को फिर से लू जैसे हालात बन गए। लोगों को झुलसाने वाली कड़ी धूप और गर्म हवा के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर के लोग इन दिनों सबसे ज्यादा गर्म मौसम का सामना कर रहे हैं। दिल्ली में 16 मई के बाद से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बीते सप्ताह भर दिल्ली में लू की स्थिति बनी रही। मौसम के अलग-अलग कारकों की वजह से शुक्रवार और शनिवार को तापमान में हल्की गिरावट आई, लेकिन रविवार को तापमान में फिर से तेज वृद्धि दर्ज की गई।

सड़कें और बाजार सूने

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप थी, दिन चढ़ने के साथ ही धूप और तीखी हो गई। कड़ी धूप के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल होने लगा। सड़कें और बाजार सूने नजर आने लगे। दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री रहा। रिज और आयानगर में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन दोनोें स्थानों पर तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया।

दिल्ली के आसमान पर छाई धूल

दिल्ली के आसमान पर रविवार देर शाम को धूल की मोटी परत देखने को मिली। दिन के समय थार मरुस्थल क्षेत्र में धूल का तूफान उठा। यह तूफान धीरे-धीरे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी की तरफ बढ़ने लगा। इसके चलते रात 8:30 बजे के बाद दिल्ली के आसमान पर भी धूल दिखने लगी।

धूल के चलते खराब श्रेणी में एक्यूआई

धूल के चलते दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है। रविवार को ज्यादातर इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से ऊपर यानी खराब स्तर पर रहा। गर्म मौसम और धूल भरी हवाओं का असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 205 अंक पर रहा। एक दिन पहले यह सूचकांक 195 अंक पर रहा था। हवा में शाम चार बजे पीएम 10 कणों का स्तर 222 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में मानकों से दोगुने से भी ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद हैं।

गुरुवार के बाद मिल सकती है हल्की राहत

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगल, बुध और गुरुवार को भी दिल्ली में प्रचंड गर्मी का आलम बना रहेगा। लेकिन, गुरुवार के बाद मौसम में बदलाव होगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश होगी। जिससे गर्मी का प्रकोप समाप्त होगा और तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

पुलिसकर्मियों को गर्मी में ठंडक दे रहे एसी हेलमेट

राजधानी में बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों से बचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को एसी हेलमेट और पोर्टेबल फैन दिए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल 10 हेलमेट के साथ यह प्रयोग शुरू किया गया है। इसे लेकर फीडबैक लिया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि यदि परिणाम सकारात्मक रहे तो अगले गर्मी के सीजन से पहले बड़े पैमाने पर इन हेलमेट की खरीद की जाएगी ताकि कोई पुलिसकर्मी गर्मी में परेशान न हो।

यह है खासियत : अधिकारी ने बताया कि ये हेलमेट आम हेलमेट से बिल्कुल अलग हैं। इनमें थर्मोइलेक्ट्रिक कूलिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो सिर के आसपास ठंडी हवा का प्रवाह बनाए रखते हैं। इससे बाहरी तापमान की तुलना में 15 डिग्री तक की ठंडक मिल सकती है। हेलमेट में लगी बैटरी एक बार चार्ज होने पर चार से पांच घंटे तक काम करती है। एक हेलमेट की कीमत तकरीबन 20 से 21 हजार रुपये है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।