Delhi Weather Update: धूप और गर्मी से मिलेगी राहत, फिर भिगोएगी बारिश; IMD की भविष्यवाणी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली के लोगों तीखी धूप और गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश होने की संभावना जताई है। रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। सोमवार यानी आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

Delhi Weather
दिल्ली में फिर बारिश होने की संभावना।

Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली में शनिवार के बाद रविवार को भी लोगों को तीखी धूप झेलनी पड़ी। दोपहर में हवा में गर्मी के अहसास ने लोगों को परेशान कर दिया। हालांकि, यह दौर मंगलवार को थमने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज चमक और तेज हवा के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी में गर्मी के स्तर में कमी आ सकती है। 6 से 10 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

दिल्ली में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान अयानगर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में 36.4 डिग्री, लोदी रोड में 36.3 डिग्री, रिज में 35.8 डिग्री और पालम में 34.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोदी रोड में 23.2 डिग्री, अयानगर में 22.8 डिग्री, पालम में 22.4 डिग्री और रिज में 21 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

रविवार को दिल्ली की हवा की क्वालिटी खराब होकर 187 AQI पर पहुंच गई, जो पिछले 83 दिनों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले हवा की क्वालिटी 13 जुलाई को इससे ऊंचे स्तर पर पहुंची थी, जब शहर में AQI 246 दर्ज किया गया था।

समीर ऐप के अनुसार, दिल्ली के 16 मॉनिटरिंग स्टेशनों ने हवा की क्वालिटी 'खराब' (poor) कैटेगरी में दर्ज की, जिसमें मुंडका में सबसे ज्यादा AQI 273 और उसके बाद नरेला में 257 दर्ज किया गया। 26 स्टेशनों पर AQI 'मॉडरेट' कैटेगरी में रहा, जबकि बुराड़ी एकमात्र ऐसा स्टेशन था जहां हवा की क्वालिटी 'संतोषजनक' कैटेगरी में थी।

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मॉडरेट', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi Weather Update: धूप और गर्मी से मिलेगी राहत, फिर भिगोएगी बारिश