Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, राजधानी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचनाक करवट ले ली है। आसमान पर बादलों ने डेरा डाल दिया है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राजधानी दिल्ली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही मौसम का रंग बदला हुआ है। बादलों ने आसमान को अपनी आगोश में ले रखा है। दिल्ली सहित गाजियाबाद और नोएडा में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। यह मौसम में संभावित बदलाव का संकेत है। वहीं, राजधानी में आज सुबह ज्यादातर मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। भारी से बहुत भारी बारिश (आमतौर पर 24 घंटे में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है, जबकि येलो अलर्ट का मतलब है (आमतौर पर 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी) बारिश।
गुरुवार सुबह 8:30 बजे दर्ज किए गए मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। अयानगर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर यह 22 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3 डिग्री अधिक) रहा। सभी मौसम केंद्रों में पालम का न्यूनतम तापमान सबसे कम यानी 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। रिज में न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है।
बुधवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 33 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रिज में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों में पांचों मौसम केंद्रों में से किसी पर भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में दिन के दौरान मौसम बदल सकता है, क्योंकि 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) के बादल यहां पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सुबह 10:45 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो बार बारिश होने की संभावना है, जिससे दोपहर का मौसम सुहावना हो जाएगा।
सुबह 10:05 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 164 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। बुधवार को 24 घंटे का AQI 181 था और मंगलवार को 158 था। सोमवार को सुबह हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और यह 83 के स्तर पर पहुंचकर 'संतोषजनक' श्रेणी में आ गई थी।

