Delhi Weather Update: अभी बारिश की संभावना नहीं, दिन में गर्मी और रात में सुकून

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi Weather Update: दिल्ली में अगले एक सप्ताह तक बारिश होने की संभावना नहीं है। दिन में गर्मी सताएगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट होने से सुकून मिलेगा। राजधानी में इस बार सितंबर में सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश हुई। इसका असर प्रदूषण में बढ़ोतरी के रूप में देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में अभी बारिश की संभावना नहीं।
दिल्ली में अभी बारिश की संभावना नहीं।

Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली का मौसम काफी हद तक शुष्क हो गया है। तेज धूप निकलने के कारण दिन के समय गर्मी बनी रहेगी। हालांकि, रात के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह भर आसमान साफ रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बुधवार की सुबह से ही तेज धूप निकली। हालांकि, हवा की दिशा उत्तरी पश्चिमी होने के चलते अब मौसम काफी हद तक शुष्क हो गया है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री रहा।

प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा

अब दिल्ली की हवा में प्रदूषक कणों का स्तर भी तेजी से बढ़ने लगा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 129 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले मंगलवार को यह सूचकांक 71 था। यानी चौबीस घंटे के भीतर ही सूचकांक में 58 अंकों की वृद्धि हुई। राजधानी के लोगों के लिए अक्तूबर महीने में इस बार प्रदूषण का सितम पहले से ज्यादा हो सकता है। दिल्ली में इस बार सितंबर में सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश हुई। इसका असर प्रदूषण के रूप में देखने को मिल सकता है।

मिला-जुला रहा मानसून

दिल्ली में इस बार मानसून का सीजन मिला-जुला रहा। मानसून के सीजन में इस बार भले ही सामान्य से अधिक बारिश हुई हो, लेकिन राजधानी में इसकी दस्तक सामान्य से पांच दिन की देरी से हुई थी। दरअसल, सितंबर के महीने में हुई अच्छी बारिश होने और मानसून के देर तक टिके रहने से अक्तूबर में प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखने को मिलता है। इस बार सितंबर के दूसरे पखवाड़े में बेहद कम बारिश देखने को मिली है। इसलिए मौसम आमतौर पर काफी सूखा हो गया है। इसके चलते अभी से दिल्ली की अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा के साथ धूल उड़ती देखी जा सकती है।

सितंबर में 36 फीसदी कम बारिश

सितंबर के महीने में सामान्य तौर पर 123.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 79.6 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य से 36 फीसदी कम है। पर्यावरण एवं विज्ञान केन्द्र (सीएसई) के विश्लेषण के मुताबिक, बारिश से दिल्ली को प्रदूषण से सिर्फ फौरी राहत मिल रही है। राजधानी के सफदरजंग मौसम केन्द्र के मुताबिक, बीते पांच वर्षों में इस बार सितंबर के महीने में सबसे कम बारिश हुई है। 2020 में सितंबर के महीने में सिर्फ 20.9 मिमी बारिश हुई थी। इसके चलते अक्तूबर में प्रदूषण वाले दिनों की शुरुआत भी पहले हो गई थी।

7 सालों में सितंबर में हुई बारिश

2026 - 79.6 मिमी

2025 - 136.5 मिमी

2024 - 192 मिमी

2023 - 82.7 मिमी

2022 - 164.5 मिमी

2021 - 413.3 मिमी

2020 - 20.9 मिमी

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi Weather Update: अभी बारिश की संभावना नहीं, दिन में गर्मी और रात में सुकून