Delhi weather update city receives highest December rainfall after 15 years दिल्ली में 15 साल बाद दिसंबर में सबसे ज्यादा बारिश, IMD ने बताया 2 जनवरी तक का हाल, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Delhi weather update city receives highest December rainfall after 15 years

दिल्ली में 15 साल बाद दिसंबर में सबसे ज्यादा बारिश, IMD ने बताया 2 जनवरी तक का हाल

दिल्ली में पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश ने पिछले 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आईएमडी के अनुसार, शहर में 15 वर्षों में दिसंबर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई और तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

Subodh Kumar Mishra हिन्दुस्तान टाइम्स, नई दिल्लीFri, 27 Dec 2024 11:43 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में 15 साल बाद दिसंबर में सबसे ज्यादा बारिश, IMD ने बताया 2 जनवरी तक का हाल

पूरे दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में 15 साल में दिसंबर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। साथ ही तापमान भी 14.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में 9.1 मिमी बारिश हुई।

आईएमडी के अनुसार पूर्वी हवाओं के साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से मौसम प्रभावित हो रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गरज के साथ बारिश हो रही है।आईएमडी के सुबह 11:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में 9.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम में 8.4 मिमी, लोधी रोड में 10.8 मिमी, रिज में 9 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 11 मिमी और पूसा में 9.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी ने 28 दिसंबर से 30 दिसंबर तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 28 तारीख को अधिकांश स्थानों पर सुबह में धुंध छाए रहने की संभावना है। आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। 29 तारीख को अधिकांश स्थानों पर सुबह में घना कोहरा और कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 30 दिसंबर को भी अधिकांश जगहों पर मध्यम और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि 30 दिसंबर के बाद ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। 30 और 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7 और 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 1 और 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 और 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।