Delhi Weather Update: फिर शुरू होगा बारिश का दौर, नए सिस्टम से मानसूनी गतिविधियों में आएगी तेजी
Delhi Weather Update: दिल्ली में तेज धूप और सूखी हवाओं के चलते पिछले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में आठ डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बने एक नए सिस्टम के बाद शुक्रवार से मौसम में बदलाव होने से बारिश का दौर फिर शुरू होगा।

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मानसूनी गतिविधियां फिर से तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम में राजधानी दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार से बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बुधवार सुबह से ही तेज धूप निकली। हवा की दिशा भी अब पश्चिमी हो गई है। इसमें नमी की मात्रा भी कम है। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पांच सितंबर को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री था, जो बढ़कर अब 36.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
कहां कितना तापमान
सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर 47 से 91 फीसदी तक रहा। पालम में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस जबकि लोधी रोड पर 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और आयानगर में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो पालम में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री जबकि लोधी रोड पर 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री और आयानगर में 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नए सिस्टम से हवा की दिशा में होगा बदलाव
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को दिन के समय तेज धूप रहेगी और हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। पिछले तीन दिनों से दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में हवा की दिशा उत्तरी-पश्चिमी हो गई है। इसके चलते मानसूनी गतिविधियां इस पूरे क्षेत्र से दूर हो गई हैं। लेकिन, बंगाल की खाड़ी में बने एक नए सिस्टम के बाद मानसूनी गतिविधियों में फिर से तेजी आने की संभावना है। इस सिस्टम की वजह से हवा की दिशा फिर से दक्षिणी पूर्वी होने के आसार हैं। जिसके चलते शुक्रवार से अगले दो-तीन दिनों तक बादलों की मौजूदगी लगातार बनी रहेगी और बीच-बीच में हल्की बारिश के एक दो दौर आ सकते हैं।
हवा की गुणवत्ता 'मॉडरेट' श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'मॉडरेट' (संतोषजनक से थोड़ी खराब) श्रेणी में रही और बुधवार शाम 4 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 128 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, 0-50 का AQI 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मॉडरेट', 201-300 'खराब', 301-400 'बहुत खराब' और 401-500 'गंभीर' माना जाता है।


