Delhi Weather Today: आज भी भीगेगी राजधानी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट; पारा भी गिरेगा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Weather Today: दिल्ली में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद आज भी बारिश होगी। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, रविवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने का अनुमान है। 

आज भी भीगेगी दिल्ली, येलो अलर्ट जारी।
आज भी भीगेगी दिल्ली, येलो अलर्ट जारी।

Delhi Weather Today: दिल्ली में शुक्रवार को दोपहर बाद दो मौसमी सिस्टम के मेल का असर दिखा। दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई। इसके चलते हुए जल भराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। तापमान भी करीब 6 डिग्री घटकर 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

शुक्रवार को दिल्ली में दोपहर तीन बजे के बाद पूरी दिल्ली में ही घने काले बादल छाने लगे। घने काले बादलों के चलते शाम के चार बजे ही अंधेरा जैसा महसूस होने लगा। तेज हवा के साथ हुई बारिश में कई जगहों पर जल भराव हो गया। दिल्ली के पालम क्षेत्र में इस मौसमी परिघटना का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां पर शाम के साढ़े पांच बजे तक कुल मिलाकर 75.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 32.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।

अगर तापमान की बात करें तो सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

आज के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि बादल और बारिश का यह मौसम शनिवार को भी बना रह सकता है। विभाग का अनुमान है कि दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

इसलिए अच्छी बारिश हुई

बारिश दो मौसमी सिस्टमों की मेल से हुई। मौसम निगरानी संस्था स्काईमेट के विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक मौसमी सिस्टम पहले से मौजूद था। जबकि, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से लेकर दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर से मानसून रेखा गुजर रही है। इन दोनों के ही मेल से राजधानी दिल्ली व आसपास के एक बड़े हिस्से में अच्छी बारिश हुई है।

हवा काफी साफ-सुथरी

दिल्ली की हवा पर भी मौसम का असर देखा जा रहा है। मौसमी कारणों के चलते दिल्लीवालों को साफ हवा मिल रही है। शुक्रवार को भी राजधानी की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 71 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले गुरुवार को यह सूचकांक 74 के अंक पर रहा था। यानी बीते 24 घंटे में इसमें तीन अंक का सुधार हुआ है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का यह साफ-सुथरा स्तर बना रहेगा।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi Weather Today: आज भी भीगेगी राजधानी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट