Delhi Weather Today: आज भी बारिश का येलो अलर्ट, सुबह से ही आसमान पर बादलों का डेरा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Weather Today: दिल्ली में मौसम खुशगवार बना हुआ है। आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर हल्की तो कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले गुरुवार को हुई मूसलाधार ने राजधानी के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।

Delhi Weather

Delhi Weather Today: दिल्ली में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। आज भी सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने आज भी दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में लगातार 35 घंटों तक हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई। दिल्ली और गाजियाबाद में बारिश के पानी में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई। वहीं, वर्षाजनित हादसों में दो लोगों की जान चली गई। बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कें लबालब हो गईं तो कुछ स्थानों पर घरों और दुकानों के अंदर पानी भर गया था। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इन वजहों से सुबह से दोपहर तक यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली की संजय कॉलोनी में आठ साल के बच्चे की खाली प्लॉट में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

तुकमीरपुर में 160 मिमी बारिश

आईएमडी ने बताया कि इस अवधि में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी स्थित तुकमीरपुर में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश हुई। मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिमी, मेहरौली में 86 मिमी, पूसा और लोदी रोड स्वचालित मौसम केंद्र (एडब्ल्यूएस) में 83-83 मिमी, लोदी रोड में 80 मिमी, रिज में 78 मिमी और छतरपुर में 72 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पालम और नारायणा में 63-63 मिमी, जनकपुरी में 62 मिमी, आयानगर में 57 मिमी, प्रगति मैदान में 50 मिमी, नजफगढ़ में 43 मिमी, मुंगेशपुर में 41 मिमी, झरोदा कलां में 33 मिमी और जाफरपुर में छह मिमी बारिश दर्ज की गई।

जलभराव की 68 शिकायतें मिलीं

अधिकारियों को दिनभर में जलभराव की 68 शिकायतें मिलीं जबकि भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। एनडीएमसी को बिजली गुल होने की 26 शिकायतें भी मिलीं और नगर निकाय ने अपने क्षेत्र में पेड़ गिरने की पांच घटनाओं की जानकारी दी। जलभराव की शिकायतें विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों, संगम विहार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र, मुनिरका, सदर बाजार, अलीपुर, बुराड़ी, बदरपुर और द्वारका सहित कई इलाकों से सामने आईं। जलभराव और जाम के कारण आईटीओ, रोहतक रोड, महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड, एनएच-48, रिंग रोड, पंजाबी बाग और शादिपुर में भी गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई।

जलभराव की नहीं मिलीं शिकायतें: मंत्री

पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी वर्षा के बीच दिल्ली में प्रमुख जलभराव स्थलों पर पानी भरने की शिकायतें नहीं मिली। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह का कहना है कि इस बारिश में मानसून तैयारियों की प्रभावशीलता की बड़ी परीक्षा हुई है। उन्होंने गुरुवार को 24×7 चलने वाले पीडब्ल्यूडी मानसून कंट्रोल रूम पहुंचकर शहरभर में जलभराव की स्थिति को लेकर समीक्षा की। उन्होंने लाइव सीसीटीवी फीड के माध्यम से विभिन्न स्थानों की निगरानी की, फील्ड टीमों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को अधिकतम सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सड़कों पर पानी नहीं विकास बह रहा: आप

दिल्ली में हुए जलभराव के लिए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली की सड़कों पर यह पानी नहीं, विकास बह रहा है। उन्होंने हाल ही में बनी एक सड़क का वीडियो साझा कर कहा कि अभी सड़क बनी थी, सरकार ने पैसा बहाया था और अब सड़क पर पानी जमा हो गया। इस बार तो सबसे बड़ा थोक बाजार दिल्ली का सदर बाजार भी डूब गया। वहीं, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि सभी विभाग सरकार के पास हैं, इसलिए अब बहाने नहीं चलेंगे।

लोगों की परेशानियों से हैं बेखबर: कांग्रेस

दिल्ली कांग्रेस ने लोगों को हो रही परेशानी को लेकर सरकार पर तंज कसा है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार के मंत्री सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी का बात कह रहे हैं। इससे ऐसा लगता है कि जैसे वे लोगों को हो रही परेशानी से बेखबर हैं। यादव ने कहा कि पिछले दो दिनों से हो रही मानसूनी बारिश से दिल्ली में कई इलाकों में जगह-जगह पानी भर गया है और भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। मानसून की बारिश शुरू होने से पहले ही नालियों और सीवरों की सफाई और पुराने ड्रैनेज सिस्टम को बदलने जैसे काम किए जाने चाहिए थे।

करीब तीन साल में सबसे साफ हवा

दिल्ली का बृहस्पतिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 48 दर्ज किया गया, जो करीब दो साल 10 महीने में सबसे साफ हवा का स्तर है। इससे पहले दिल्ली का एक्यूआई 10 सितंबर, 2023 को 45 दर्ज किया गया था।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।