Delhi weather: आज भी तेज हवा के साथ बारिश होगी, येलो अलर्ट जारी किया; कब से साफ होगा मौसम
Delhi Weather Forecast: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। राजधानी के अधिकतम तापमान में 6.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार के मौसम के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है।

Delhi Weather Forecast: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण राजधानी के अधिकतम तापमान में 6.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार यानी आज के मौसम के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया बदलाव
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हवा की दिशा में बदलाव और एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह परिवर्तन हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस कम) और लोधी रोड में 28.1 डिग्री सेल्सियस (5.9 डिग्री सेल्सिसय कम) दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में तापमान 27.7 डिग्री और आयानगर में 27.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री के आसपास कम है।
राजधानी में मंगलवार को नमी का अधिकतम स्तर 94 फीसदी तथा न्यूनतम स्तर 41 फीसदी दर्ज किया गया। सफदरजंग में 3 मिमी, लोधी रोड में 3 मिमी, पालम में 2.1 मिमी और आयानगर में 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
गर्मी से राहत मिली
दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और हवा की दिशा में बदलाव के कारण अगले 24 घंटों के अंदर 30 से 50 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से फिलहाल गर्मी से राहत मिली है, लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगा। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 10 अप्रैल के बाद राजधानी का मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी।
आज भी तेज हवा और हल्की बारिश के आसार
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को ही मंगलवार और बुधवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को भी हल्की बारिश और तेज हवा के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी।
राजधानी से ज्यादा प्रदूषित है गुरुग्राम
मार्च 2026 में जारी सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर की रिपोर्ट के अनुसार, एनसीआर के कई शहर दिल्ली से ज्यादा प्रदूषित रहे। गुरुग्राम, गाजियाबाद, नोएडा और मानेसर में औसत स्तर दिल्ली से अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली में मार्च के दौरान पीएम 2.5 का औसत 76 रहा, जबकि गुरुग्राम 116 के साथ देश में सबसे प्रदूषित शहर रहा। टॉप 10 प्रदूषित शहरों में गुरुग्राम, बहादुरगढ़, फरीदाबाद, गाजियाबाद, मानेसर, भिवाड़ी और नोएडा शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


