दिल्ली में 4 दिन कूल-कूल रहेगा मौसम, मॉनसून को लेकर भी आया नया अपडेट

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

राजधानी में रविवार तक गर्मी से राहत के आसार। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में चार दिनों तक बादल-बूंदाबांदी और तेज हवा चलने का दौर जारी रहेगा। हालांकि, इस बार मॉनसून कमजोर रह सकता है। दिल्ली में बुधवार को एक्यूआई 92 के अंक पर रहा।

दिल्ली में 4 दिन कूल-कूल रहेगा मौसम, मॉनसून को लेकर भी आया नया अपडेट

दिल्लीवालों को अगले 4 दिनों तक तेज गर्मी से राहत रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार तक बादलों की आवाजाही, बूंदाबांदी और तेज हवा का दौर जारी रहेगा। इसके चलते आमतौर पर तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। इस बीच, बुधवार को दिनभर धूप के चलते अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद अभी तापमान सामान्य से नीचे है।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री की वृद्धि हुई है। अभी यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 35 से 85 फीसदी तक रहा।

धूल भरी आंधी चलने की संभावना

मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी, बादलों की आवजाही और तेज हवा का क्रम बना रहेगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस बीच में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज धूल भरी हवा चल सकती हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं। कमोबेश इसी तरह का मौसम रविवार तक बना रह सकता है।

हवा साफ-सुथरी

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 92 के अंक पर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।

देश में 34वीं बार सूखा रहा जून का पहला पखवाड़ा

भारत में मॉनसून के कारण चार महीनों में 75% बारिश होती है। इस बार अल नीनो की वजह से मॉनसून के कमजोर रहने की आशंका है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बारिश की कमी घटने के बजाय और बढ़ गई है। एक जून से 16 जून के बीच सिर्फ 50.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो 1901 के बाद से 34वीं सबसे कम बारिश है। अभिषेक झा की रिपोर्ट...

122 दिन रहता है मॉनसून

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक चलता है। इस 122 दिनों की अवधि के शुरुआती 16 दिन अब बीत चुके हैं। जून में अब तक हुई बारिश 1971-2020 की अवधि के औसत से 27.1 फीसदी कम है। यानी जून की बारिश में अब तक सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। मौसम विभाग वर्तमान में बारिश के प्रदर्शन को मापने के लिए 1971-2020 की वर्षा को लॉन्ग पीरियड एवरेज मानता है।

समय पर मॉनसून आने के बाद भी सामान्य बारिश से अंतर बढ़ा

केरल में मॉनसून के समय पर आने से भी जून की बारिश की कमी को कम करने में कोई मदद नहीं मिली। 1 जून को राष्ट्रीय स्तर पर बारिश की कमी 27 फीसदी थी, जो घटकर 5 जून तक 4.1 फीसदी पर आ गई थी। अंतर बढ़कर 27 फीसदी हो गया है, क्योंकि 5 जून को छोड़कर बारिश नीचे रही है।

पश्चिमी शाखा महाराष्ट्र के दक्षिणी छोर पर अटकी

15 जून तक मॉनसून को दक्षिण-पश्चिम दिशा से महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से, ओडिशा को कवर कर लेना चाहिए था। धीमी रफ्तार एक बड़ा कारण यह है कि 8 जून से मॉनसून की पश्चिमी शाखा महाराष्ट्र के दक्षिणी छोर पर अटकी हुई है। जिन जगहों पर मॉनसून पहुंच चुका है, वहां भी बारिश कम है।

महाराष्ट्र-गुजरात में कमी

देश के बड़े हिस्से जून में बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा बारिश कम होने के मामले में राष्ट्रीय कमी में सबसे बड़ा योगदान दे रहे हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।