
दिल्ली-NCR में कल से बदलेगा मौसम; बूंदाबांदी के आसार, 2 अक्टूबर तक का अपडेट
Delhi Mausam: मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत का अनुमान है। पढ़ें यह रिपोर्ट…
दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में अगले 2 दिनों के दौरान बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके चलते लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। इस बीच दिल्ली में सोमवार को भी उमस से लोग बेहाल रहे। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 2 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली के लोगों को इन दिनों एक बार फिर से तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। दिन भर की तेज धूप के चलते दोपहर के समय लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तीखी और तेज हो गई।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 85 से 54 फीसदी तक रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अब मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अगले दो दिन यानी 30 सितंबर और पहली अक्टूबर को दिल्ली में हल्के से घने बादलों की आवाजाही रहने की संभावना है। इन दोनों ही दिनों के दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके चलते तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। 2 अक्टूबर को भी दिल्ली में बादलों की आवाजाही देखी जाएगी। हालांकि 2 अक्टूबर को बारिश नहीं होगी।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। इस बीच दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 120 के अंक रिकॉर्ड किया गया। अगले 2 दिनों के दौरान एक्यूआई का स्तर इसके आसपास रहने के आसार हैं।





