delhi weather temperature will reach 33 degrees this week know forecast for 6 days दिल्ली में इस हफ्ते 33 डिग्री जाएगा तापमान; 6 दिनों के लिए क्या है मौसम का पूर्वानुमान?, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi weather temperature will reach 33 degrees this week know forecast for 6 days

दिल्ली में इस हफ्ते 33 डिग्री जाएगा तापमान; 6 दिनों के लिए क्या है मौसम का पूर्वानुमान?

Delhi Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक रूप से जोरदार बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। जानें 6 दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान?

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 3 March 2025 05:13 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में इस हफ्ते 33 डिग्री जाएगा तापमान; 6 दिनों के लिए क्या है मौसम का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर एक पश्चिमी विक्षोभ ऐक्टिव है। इसके प्रभाव से 4 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक रूप से जोरदार बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 3 मार्च को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यही नहीं उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ मैदानी इलाकों में 3 मार्च तक जोरदार बारिश होने की संभावना है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर में इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम का मिजाज इस पर एक नजर...

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर घाटी की ऊंची चोटियों समेत गुलमर्ग और पहलगाम के पर्यटन स्थलों में सोमवार को ताजा हिमपात हुआ। वहीं मैदानी इलाकों में बारिश हुई। हिमाचल के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी देखी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिल्ली एनसीआर के इलाकों पर नजर नहीं आएगा।

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में चार और पांच मार्च को आसमान साफ रहेगा लेकिन तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। इन दोनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाएगा। चार मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर होने वाली बारिश या बर्फबारी का असर दिल्ली एनसीआर पर कोई खास नहीं पड़ेगा। शुरुआती एक या दो दिनों के लिए तापमान में मामूली गिरावट देखी जा सकती है लेकिन इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जाएगी। पांच मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 6 और 7 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान व्यक्त किया है। आठ मार्च को तापमान में और बढ़ोतरी देखी जाएगी। आठ मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। नौ मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।