दिल्ली पर धुंध का होगा अटैक; 22 जगहों पर AQI 400 पार, आगे 2 दिन के लिए चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में धुंध और कोहरे के साथ पलूशन की स्थिति 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है। बुधवार को एक्यूआई 377 अंक रिकॉर्ड किया गया जो 288 दिनों में सबसे खराब है।

दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों पर सुबह के वक्त अब धुंध या हल्के कोहरे का डबल अटैक देखा जाएगा। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में हवा की गुणवत्ता और खराब होने की आशंका है। दिल्ली में बुधवार को हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई। दिल्ली में AQI 377 अंक के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया। यह 'गंभीर' स्तर के करीब है। इतना ही नहीं दिल्ली के 22 मॉनिटरिंग स्टेशनों ने पलूशन का स्तर गंभीर श्रेणी यानी 400 के पार दर्ज किया।
दिल्ली-NCR में 7 नवंबर तक सुबह धुंध का अटैक
IMD की ओर से दिल्ली के साथ NCR में 7 नवंबर तक सुबह के वक्त धुंध छाने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 'एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम' की ओर से 6 से 7 नवंबर के दौरान हवा यानी एक्यूआई के गंभीर श्रेणी में पहुंच जाने की चेतावनी जारी की गई है। अनुमान है कि 6 से 7 नवंबर के बीच दिल्ली में एक्यूआई और भी खराब होकर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच सकता है।
288 दिनों में हवा का सबसे खराब स्तर
विशेषज्ञों की मानें तो दिवाली की आतिशबाजी, भारी ट्रैफिक और पराली जलाने से होने वाले उत्सर्जन के कारण दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में पलूशन के और बढ़ने की संभावना है। इस बीच दिल्ली में बुधवार शाम को AQI 377 अंक रिकॉर्ड किया गया। पलूशन का यह स्तर 20 जनवरी के बाद सबसे ज्यादा है। दिल्ली में 20 जनवरी को एक्यूआई 378 अंक पर था। इस तरह बीते 288 दिनों में हवा का यह सबसे खराब स्तर है।
22 स्टेशनों में AQI 400 पार
दिल्ली के कुल 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 22 में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी दर्ज की गई यानी इन 22 जगहों पर एक्यूआई का स्तर 400 अंक से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में बुधवार को IIT दिल्ली में सबसे ज्यादा पलूशन दर्ज किया गया। आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 458 अंक दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी और पंजाबी बाग में एक्यूआई 448 और 448 अंक रिकॉर्ड किया गया। मुंडका में एक्यूआई 439 दर्ज किया गया।
PM10 ने बढ़ाई परेशानी
दिल्ली में बुधवार को PM10 सबसे प्रमुख प्रदूषक रहा। PM10 का संबंध आमतौर पर बड़े कणों से होता है यानी इस पलूशन में सड़क की धूल और निर्माण कार्य से उड़ने वाली धूल का भी योगदान रहा। पिछले 3 दिनों तक PM2.5 सबसे प्रमुख प्रदूषक था। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पंजाब में खूब जली पराली
इस बीच उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 4 नवंबर को दिल्ली के आसपास के 6 राज्यों में खेतों में आग लगने यानी पराली जलाने की 467 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें पंजाब में 151, हरियाणा में 10, यूपी में 33, राजस्थान में 111, उत्तराखंड में 5 और मध्य प्रदेश में 157 घटनाएं शामिल हैं। हाल के दिनों में सामने आए आंकड़ों पर गौर करें तो पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं लगातार ज्यादा रिकॉर्ड की जा रही हैं।


