Delhi Weather: दिल्ली में कल भी भारी बारिश का अलर्ट, गाजियाबाद में बंद रहेंगे स्कूल

Delhi Weather Live: दिल्ली-एनसीआर में मॉनसूनी बारिश का कहर जारी है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में बारिश से जलभराव हो गया है। नोएडा में इमारत का एक हिस्सा गिर गया।

Delhi Weather: दिल्ली में कल भी भारी बारिश का अलर्ट, गाजियाबाद में बंद रहेंगे स्कूल

दिल्ली में बारिश से जलभराव।

Gaurav Kala| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली |
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

Delhi Weather Live: दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से हाल बेहाल है। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया है। बाजारों का हाल बुरा है। सड़कें डूबी नजर आ रही हैं। दिल्ली-नोएडा और गुरुग्राम में जगह-जगह ट्रैफिक जाम लग गया। नोएडा में इमारत का एक हिस्सा ढह गया। कई वाहन मलबे में दब गए। उधर, बारिश के बीच बीती रात रोहिणी में इमारत ढह जाने से चार लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। गाजियाबाद जिले में आज स्कूल बंद के आदेश दिए गए।

Delhi Rain Live: गाजियाबाद में कल बंद रहेंगे स्कूल

गाजियाबाद में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कक्षा एक से 12 तक की कक्षाओं के लिए 10 जुलाई को छुट्टी को ऐलान कर दिया गया है।

Share

Delhi Rain Live: गाजियाबाद में जलभराव में डूबकर एक और बच्चे की मौत

गाजियाबाद के मसूरी थानाक्षेत्र के ढबारसी गांव में नाले पर चल रहा बच्चा साइड के प्लॉट में गिरा। यहां जलभराव था, जिसमें डूबकर बच्चे की मौत हो गई।

Share

Delhi Rain Live: गाजियाबाद के लोनी में बारिश के चलते एक मकान गिरा

गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में मुगल गार्डन कॉलोनी में बारिश के चलते एक मकान गिर गया। इस घटना में एक महिला भी घायल हो गई। हादसे के वक्त महिला दरवाजे पर खड़ी थी।

Share

Delhi Rain Live: लोनी में भारी बारिश के बाद नाले से बहता सड़क पर आया शव

लोनी के अंकुर विहार एसीपी आफिस के पास बाहर सड़क पर अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिला। भारी बारिश के बाद नालों में आए पानी के तेज बहाव से शव सड़क पर आ गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।।

Share

Delhi Rain Live: गाजियाबाद में तीन साल की बच्ची की मौत

गाजियाबाद के सर्वोदय नगर में बारिश का पानी घर में भर गया। घर के भीतर हुए जल भराव में डूबने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई।

Share

Delhi Rain Live: रोहिणी सेक्टर 15 इलाके में वैन पर गिरा पेड़

भारी बारिश के बाद, रोहिणी सेक्टर 15 इलाके में एक वैन पर पेड़ गिर गया। गाड़ी को तो नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है।

Share

Delhi Rain Live: मॉनसून की तैयारियों पर क्या बोले एनडीआरएफ के DIG

मानसून के लिए टीमों की तैनाती पर एनडीआरएफ के DIG मोहसिन शहीदी ने कहा, मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, इस मानसून में कुल मिलाकर औसत से कम बारिश होने की उम्मीद है। इसी के अनुसार, हमने जून में कम बारिश देखी, लेकिन जुलाई के पहले हिस्से में कुछ इलाकों में बहुत ज़्यादा बारिश होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए, हमने मानसून से पहले ही एनडीआरएफ टीमों को तैनात कर दिया था। राज्यों में एसडीआरएफ टीमों को भी तैनात किया गया है ताकि हमारे जवान पहले से ही जमीन पर मौजूद रहें, जिससे लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के काम में काफी मदद मिली है।

Share

Delhi Rain Live: तीन दिनों की बारिश से प्रदूषण स्तर पर असर?

पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर प्रदूषण के स्तर पर भी देखने को मिला है। गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 48 के अंक पर रहा है। बीते तीन सालों में वायु गुणवत्ता का यह सबसे ज्यादा साफ-सुथरा स्तर है। वर्ष 2023 में 10 सितंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक 45 पर रहा था। इसके बाद अब जाकर वायु गुणवत्ता इस स्तर पर साफ हुई है।

Share

Delhi Rain Live: शालीमार बाग में सड़क पर उतरी CM रेखा गुप्ता

दिल्ली में भारी बारिश के बीच जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। इस बीत सीएम रेखा गुप्ता ने शालीमार गांव में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया।

Share

Delhi Rain Live: दिल्ली के ‘ईस्ट ऑफ कैलाश’ में पेड़ गिरा

दिल्ली में बारिश के बीच 'ईस्ट ऑफ कैलाश' में राजा धीर सिंह मार्ग पर बृहस्पतिवार को दो पेड़ गिरने से क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि डीएफएस को तड़के तीन बजकर 40 मिनट पर सूचना मिली कि राजा धीर सिंह मार्ग पर इस्कॉन मंदिर के पास एक पेड़ गिर गया है। इसी मार्ग पर 'नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट' के बाहर भी एक अन्य पेड़ गिर गया।

Share

Rain Alert LIVE: पंजाब-चंडीगढ़ में अगले तीन दिन तेज बारिश का अलर्ट

दिल्ली के आस-पास राज्यों की बात करें तो पंजाब में मॉनसून सक्रिय हुए सात दिन बीत चुके हैं। अगले तीन दिन पंजाब और चंडीगढ़ में तेज बारिश का अलर्ट है।

Share

Delhi Rain LIVE: सीएम रेखा मौके पर पहुंची

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालामार गांव में जलभराव से निपटने हेतु जलनिकासी की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान मौजूद अधिकारियों को पानी की उचित निकासी हेतु दिशा निर्देश भी दिए। दिल्ली में मानसून की भारी बारिश के बीच जलभराव से निपटने हेतु दिल्ली सरकार एवं सभी विभाग पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।

Share

Delhi Rain Alert LIVE: भारी बारिश के कारण जलभराव, सरकार अलर्ट

भारी बारिश के बाद जलभराव को रोकने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। आईएमडी के अनुसार, शहर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने कहा कि शहर की सभी मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति नियंत्रण में है और लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली जल बोर्ड की टीमें मौके पर तैनात हैं।

Share

Ghaziabad Rain Live: गाजियाबाद में निर्माण साइट में पानी भरने से धंसी मिट्टी में गिरी स्कूटी-कार

गाजियाबाद शहर में बुधवार रात से ही जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। वसुंधरा सेक्टर 13 में निजी निर्माण साइट में पानी भरने के बाद मिट्टी धंस गई। इस कारण सड़क के साइड पटरी पर खड़ी एक कार व स्कूटी भी मिट्टी के साथ नीचे चली गईं। आसपास के लोगों को बड़े हादसे का डर सता रहा है।

वसुंधरा सेक्टर 13 में एक बड़े भूखंड पर लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है। साइट पर टीन शेड लगी है। यहां बेसमेंट की खुदाई के बाद नीचे काम चल रहा था। बुधवार रात से हुई बारिश का पानी बेसमेंट में भर गया। इस कारण मिट्टी का कटान हुआ और यह धंसने लगी। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सड़क की साइड पटरी की मिट्टी भी धंस गई। यहां खड़ी एक स्कूटी और कार भी मिट्टी के साथ नीचे जा गिरीं। इसी कारण नीचे से जा रही सीवर लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण पानी और ज्यादा भरने लगा है। साइट पर लगा बिजली का पोल कभी भी गिर सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता निखिल माहेश्वरी का कहना है कि अभी सूचना मिली है। टीम भेजकर पता कराया जाएगा कि किस तरह का निर्माण चल रहा है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Delhi-NCR Rain LIVE: दिल्ली में बारिश कब तक होगी?

आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए चेतावनी दी कि दोपहर बाद भी बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून मध्य भारत से उत्तर की ओर खिसककर हिमालय की तलहटी की ओर छा गया है जिसके कारण पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है।

Share

Delhi Heavy Rain Live: दिल्ली में सबसे ज्यादा बारिश कहां हुई?

दिल्ली में लगातार कई घंटों तक हुई बारिश से सड़कों पर अव्यवस्था बढ़ गई, पेड़ उखड़ गए और कई इलाके जलमग्न हो गए। अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ उखड़ गए। जिससे वहां यातायात बाधित हुआ।

वहीं, इस्कॉन मंदिर के पास एक पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया जबकि दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा। इसके अलावा विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के इलाकों, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका समेत दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव की खबर मिली।

Share

Delhi Rain Alert LIVE: दिल्ली में आज दिनभर रेड अलर्ट

आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए चेतावनी दी कि दिन में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है।

Share

Delhi Rain LIVE: दिल्ली में आज कितनी बारिश हुई

दिल्ली में सुबह बादल छाए रहे जबकि रात भर हुई बारिश के कारण सुबह सड़कों पर पानी भरा रहा और कई पेड़ उखड़ गए। आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान लोधी रोड मौसम केंद्र में 80.2 मिलीमीटर, रिज में 77.8 मिलीमीटर, पालम में 63.0 मिलीमीटर और आयानगर में 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Share

Delhi Rain LIVE: नई दिल्ली के एक अंडरपास में भी भरा पानी

भारी बारिश के दौरान नई दिल्ली में सड़कों पर पानी भर गया। अंडरपास में पानी भरने के बाद ट्रैफिक धीमा हो गया तो कुछ वाहन बंद भी पड़ गए।

Share

Delhi-NCR Rain Live: दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से तबाही

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से शहर भर से सोशल मीडिया पर तमाम वीडियो और तस्वीरों आ रही हैं। जिसमें जलमग्न सड़कों पर धीरे-धीरे चलती गाड़ियां , घुटनों तक गहरे पानी में चलते यात्री, उखड़े हुए पेड़ों द्वारा महत्वपूर्ण मार्गों को अवरुद्ध करना और प्रमुख सड़कों पर लंबे ट्रैफिक जाम दिखाई दे रहे थे।

Share

Delhi Rain LIVE: भारी बारिश के बीच रोहिणी में इमारत ढही, 4 की मौत

कई इलाकों में सड़कें नदियों जैसी लग रही थीं क्योंकि लगातार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया था। सबसे भीषण त्रासदी रोहिणी में हुई, जहां भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई।

Share

Ghaziabad Rain LIVE: गाजियाबाद में भारी बारिश से तबाही

भारी बारिश के कारण मोहन नगर स्थित सेवियर पार्क सोसाइटी की बालकनी में छज्जे का प्लास्टर गिर गया। गौ शाला अंडरपास में बारिश के दौरान जलभराव हो गया। बारिश में तुलसी निकेतन सोसाइटी में छत का प्लास्टर गिर गया, गनीमत रही की कोई घायल नहीं हुआ।

Share

Delhi Rain Live: दिल्ली में भारी बारिश से बेहाल

भारी बारिश के कारण दिल्ली में महरौली-बदरपुर रोड सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाकों में से एक रही। यहां भारी जलजमाव के कारण ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया। इलाके की तस्वीरों में गाड़ियां आधी डूबी हुई दिखाई दीं। बुराड़ी इलाके से भी पानी भरने की ऐसी ही खबरें आईं हैं। सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हुई थीं, जबकि अक्षरधाम मंदिर के पास NH-24 पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया।

Share

Delhi Rain Live: भारी बारिश से सड़क पर पेड़ गिरा

दिल्ली में भारी बारिश से हाल बेहाल है। ट्रैफिक जाम के अलावा है इतना ही नहीं कई जगहों पर हादसों की भी सूचना आई है। सफदरजंग एनक्लेव स्थित बी-6 मार्केट के पास पेड़ गिर गया। एमसीडी कर्मचारी गिरे हुए पेड़ को हटाने का कार्य में लगे हुए हैं। उधर, नोएडा के सेक्टर 21 में इमारत का एक हिस्सा ढह गया। मलबे में कई वाहन दब गए। हालांकि किसी तरह के जान के नुकसान की सूचना नहीं है।

Share

NCR Weather Live: लोनी में बिजली आपूर्ति ठप

लोनी के पावी सादिकपुर स्थित 132 केवी सब स्टेशन में पानी भर गया है। इसके चलते आसपास के इलाके की आपूर्ति बंद कर दी गई है।

Share

Ghaziabad weather live: नोएडा में इमारत का ऊपरी हिस्सा गिरा, कई वाहन क्षतिग्रस्त

नोएडा सेक्टर-62 स्थित आई फोर्ट बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा भारी बारिश में भरभराकर गिर गया। मलबा नीचे खड़ी कई गाड़ियों पर आ गिरा। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अभी भी मलबा गिरने का खतरा बना हुआ। घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की है, गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उधर, नेशनल हाईवे 9 पर शांति नगर अंडरपास के पास बारिश के बाद जल भराव हो गया है। यहां वाहन काफी धीमी रफ्तार से गुजर रहे हैं।

Share

Ghaziabad Rains live: गाजियाबाद के अधिकांश हिस्सों में जलभराव

गाजियाबाद के अधिकांश हिस्सों में रात भर बारिश होती रही। इसके चलते अधिकांश मार्गो और गलियों में जल भराव हो गया है। सुबह बच्चों को स्कूल जाने में और लोगों को दफ्तर निकलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नेशनल हाईवे नौ, मेरठ रोड, जीटी रोड, दिल्ली मेरठ रोड और हापुड़ रोड पर इस वक्त ट्रैफिक बहुत धीमा है। मुख्य चौराहों और कट पर जाम की स्थिति है।

Share

Gurugra Weather Live: गुरुग्राम में गाड़ियों की रफ्तार धीमी

भारी से गुरुग्राम में भी हाल बेहाल हैं। हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक की ओर जाने वाली सड़क पर गाड़ियां रेंग रही हैं। इसी तरह दिल्ली में आईटीओ, आनंद विहार, करोल बाग, कनॉट प्लेस, राजीव चौक, बॉटेनिकल गार्डन और डीएनडी फ्लाईओवर पर ट्रैफिक काफी धीमा हुआ है।

Share

Faridabad Weather Live: बारिश में खेड़ी पुल का हिस्सा धंसा, आवाजाही पर रोक

फरीदाबाद। लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रेटर फरीदाबाद के पास आगरा नहर पर बने खेड़ी पुल का एक हिस्सा धंस गया है। पुल के एक तरफ जमीन खिसकने से सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित हिस्से के आसपास बांस-बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग कर दी है और लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Share

Delhi Weather Live: सड़कों पर पानी भरा, दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में ट्रैफिक जाम

लगातार बारिश से दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया है। इससे यातायाता काफी धीमा हो गया है। पुलिस ने एनएच 24 पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। जगह-जगह जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है।

Share

Delhi Weather Live: दिल्ली की सड़कें बारिश से बेहाल

दिल्ली की सड़के बारिश से बेहाल हैं। नंद नगरी डिपो के पास भारी जलभराव के बीच वाहन गुजरने को मजबूर हैं। इसी तरह वज़ीराबाद रोड पर मुख्य सड़क जलमग्न हो गई हैं। मीत नगर कॉलोनी में सड़कें नदियां बन गई हैं। नॉर्थ दिल्ली बुराड़ी के गड्ढे में दो पहिया और चार पहिया गाड़ियां गिर गईं। सबोली रेलवे हाल्ट की पटरियों पर और सबोली एक्सटेंशन इलाके में जलभराव हो गया है।

Share

Delhi Weather Live: दिल्ली में पिछले 24 घंटे का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश हुई। दिल्ली के तुकमीरपुर-खजूरी में सबसे अधिक 160 मिमी वर्षा हुई, जबकि मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिमी, महरौली में 86 मिमी, पूसा और लोधी रोड AWS में 83-83 मिमी, लोधी रोड में 80 मिमी, रिज में 78 मिमी, सफदरजंग में 73 मिमी, छतरपुर में 72 मिमी, पालम में 63 मिमी, नारायणा में 63 मिमी, जनकपुरी में 62 मिमी, आया नगर में 57 मिमी, प्रगति मैदान में 50 मिमी, नजफगढ़ में 43 मिमी, मुंगेशपुर में 41 मिमी, झरोदा कलां में 33 मिमी और जाफरपुर में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, गाजियाबाद की बात करें कमला नेहरू नगर में 164 मिमी और हिंडन में 134 मिमी वर्षा दर्ज हुई। गुरुग्राम के नॉर्थ CAP यूनिवर्सिटी में 27 मिमी तथा केवीके में 36 मिमी, जबकि ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) के टांडा में 62 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Share

Delhi Weather Live: रातभर बारिश से फरीदाबाद बेहाल

फरीदाबाद जिले में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। वहीं बिजली कटौती और निचले इलाकों में पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

Share

Delhi Weather Live: गाज़ीपुर के पास NH-24 पर जल-जमाव

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों को सूचित किया है कि भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे (NH-24) पर पानी भर गया है। इस वजह से ट्रैफिक की आवाजाही में रुकावट आ रही है। ट्रैफिक अधिकारी और NHAI पानी हटाने के काम में लगे हुए हैं। गाज़ियाबाद से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे दिल्ली में प्रवेश करने के लिए सेक्टर-62 (गाज़ियाबाद) से वसुंधरा (UP) होते हुए बुद्ध चौक जाएं, फिर मोहन नगर की ओर बढ़ें और आखिर में सीमापुरी से दिल्ली में प्रवेश करें।

Share

Delhi Weather Live: गाजियाबाद में स्कूल बंद

गाजियाबाद में भारी बारिश को देखते हुए कक्षा 12 तक के स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश में कहा कि सभी सरकारी, प्राइवेट, अशासकीय सहायता प्राप्त सभी स्कूलों में आज दिनांक 9 जुलाई 2026 को नर्सरी कक्षा से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी।

Share

Delhi-NCR Weather Live: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में सड़कें पानी-पानी

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बारिश के बाद कई जगह जलभराव हो गया है। इस वजह से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश से सड़कें पूरी तरह से पानी में डूब गई हैं।

Share

Delhi Weather Live: दिल्ली में कहां कितना तापमान रहा

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 84 से 100 फीसदी तक रहा। दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

Share

Delhi Weather Live: 8 डिग्री तक तापमान गिरा

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार की शाम को दिल्ली का तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, हवा में नमी का स्तर 100 फीसदी और हवा की गति 3.7 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रही। इसके चलते इस समय महसूस होने वाली गर्मी यानी फील लाइक टेंपरेचर 33.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

Share

Delhi Weather Live: लगातार बारिश से सड़कें जलमग्न, जाम में रेंगे वाहन

मुर्गा मंडी के पास एनएच-नौ की सर्विस रोड पर गोल चक्कर आसपास का हिस्सा पानी से लबालब दिखा। इस कारण से यहां वाहनों की रफ्तार काफी धीमी होने से जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी न होने से व्यवस्था घंटों बिगड़ी रही। लोगों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई ने अपने नालों की सफाई नहीं कराई जिससे यह स्थिति बन रही है। वहीं दूसरी ओर गाजीपुर के आसपास डीडीए के नालों से भी पानी सड़क पर आता दिखा। कार चालक सक्षम तिवारी ने बताया कि वह इंदिरापुरम से रोज दिल्ली अपने दफ्तर जाते हैं। यहां पर हर साल मॉनसून में यही दिक्कत रहती है, जिसे दूर करने का प्रयास नहीं किया जाता। वहीं, लोनी रोड पर जलभराव की समस्या से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और पैदल चलने वालों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया। सड़क पर जगह-जगह पानी भरने से लोगों को जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।

Share

Delhi Weather Live: बारिश से सदर बाजार का हुआ बुरा हाल

मॉनसून सीजन की पहली बारिश में ही दिल्ली के बाजारों का बुरा हाल हो गया। देश के सबसे बड़े थोक मार्केट की फेहरिस्त में शुमार सदर बाजार इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशान हैं। दो दिन की बारिश में सदर बाजार क्षेत्र के स्टेशनरी मार्केट तेलीवाड़ा, हार्डवेयर मार्केट कुतुब रोड और महावीर बाजार में चार से पांच फुट पानी जमा हो गया। दुकानों में पानी भरने लगा तो दुकानदारों ने सामान हटाकर ऊपर की अलमारियों में रखकर नुकसान से बचाव किया।

सदर बाजार के व्यापारियों का कहना है कि भीषण जलभराव की यह समस्या लंबे अर्से से है। दिल्ली सरकार और स्थानीय सांसद से इस संबंध में करीब एक दशक से लगातार मांग की जा रही है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। हर साल मॉनसून में करीब डेढ़ महीने तक कारोबार ठप हो जाता है। जलभराव के कारण बाजार में खरीदारों का पहुंचना बंद हो जाता है।

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsएनसीआरDelhi Weather: दिल्ली में कल भी भारी बारिश का अलर्ट, गाजियाबाद में बंद रहेंगे स्कूल