Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi weather forecast for possibility of smog and light fog air pollution aqi update
दिल्ली में सुबह के वक्त स्मॉग, हल्का कोहरा छाने के आसार, हवा की सुस्त रफ्तार से AQI बढ़ा

दिल्ली में सुबह के वक्त स्मॉग, हल्का कोहरा छाने के आसार, हवा की सुस्त रफ्तार से AQI बढ़ा

संक्षेप:

Delhi Weather : दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ ही एक बार फिर से स्मॉग और हल्के कोहरे की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से सुबह के समय हल्का कोहरा और स्मॉग देखने को मिल सकता है। इस बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का रुख बना रहेगा।  

Nov 08, 2025 06:28 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

राजधानी दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ ही एक बार फिर से स्मॉग और हल्के कोहरे की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से सुबह के समय हल्का कोहरा और स्मॉग देखने को मिल सकता है। इस बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का रुख बना रहेगा। वहीं दिल्ली के लोगों को खराब हवा से अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। हवा की रफ्तार कम होने और तापमान में गिरावट के चलते प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से सुबह के समय हल्का कोहरा और स्मॉग छाया रह सकता है। शनिवार को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार की सुबह से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होती चली गई। इसके बावजूद उच्च हिमालयी क्षेत्रों से आ रही हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहा। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 34 से 83 फीसदी तक रहा।

हवा की सुस्त रफ्तार ने प्रदूषण का स्तर बढ़ाया

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब स्तर पर रहा। अगले तीन चार दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है। अच्छे मॉनसून के चलते दिल्ली में इस बार वायु गुणवत्ता का स्तर भी जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर के महीने में पहले से ज्यादा अच्छा रहा था। लेकिन, अक्टूबर महीने का पहला पखवाड़े के बीतने से एक दिन पहले ही वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई। 14 अक्टूबर के बाद से एक दिन भी ऐसा नहीं रहा है, जब वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से नीचे आया हो और हवा साफ-सुथरी रही हो।

24 घंटे के अंदर सूचकांक में 11 अंकों की बढ़ोतरी : हवा की रफ्तार बढ़ने और तेज धूप के चलते बीच-बीच में हल्की रात तो मिली है, लेकिन कुल मिलाकर वायु गुणवत्ता का स्तर खराब या बेहद खराब स्तर पर ही रहा। सीपीसीबी के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का सूचकांक 322 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब स्तर पर रखा जाता है।

एक दिन पहले गुरुवार को यह सूचकांक 311 के अंक पर रहा था। यानी 24 घंटे के अंदर सूचकांक में 11 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का सूचकांक 300 से ऊपर यानी बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है।

मानकों से पौने तीन गुना ज्यादा प्रदूषक कण : दिल्ली की हवा में अभी मानकों से पौने तीन गुना ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद हैं। मानकों के मुताबिक, हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से नीचे रहना चाहिए, तभी उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। लेकिन, शुक्रवार की शाम तीन बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का स्तर 274 और पीएम 2.5 का स्तर 162 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में मानकों से पौने तीन गुना ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद हैं।

सप्ताह भर राहत के आसार नहीं : वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अभी दिल्ली में किसी बड़ी मौसमी परिघटना का अभाव रहेगा। दिन के समय हवा की गति थोड़ा तेज हो सकती है। लेकिन, सुबह-शाम और रात के समय हवा की गति आमतौर पर दस किलोमीटर प्रति घंटे से नीचे ही रहने का अनुमान है। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन भी धीमा होगा और लोगों को ज्यादा प्रदूषण का सामना करना पड़ेगा। अगले सप्ताह भर वायु गुणवत्ता का स्तर अति खराब श्रेणी में ही रहने के आसार हैं।

आठ फीसदी से ज्यादा हुई पराली की हिस्सेदारी

दिल्ली की हवा में अब पराली के धुएं की हिस्सेदारी भी बढ़ रही है। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली की हवा में पराली के धुएं की हिस्सेदारी 8.68 फीसदी तक रही। इससे पहले गुरुवार को यह हिस्सेदारी 9.48 फीसदी तक रही थी। शनिवार को पराली का धुआं और बढ़ने का अनुमान किया गया है। डीएसएस का अनुमान है कि शनिवार को यह हिस्सेदारी बढ़कर 30 फीसदी तक पहुंच सकती है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।