दिल्ली पर आज फिर घने कोहरे का अटैक; बारिश को लेकर नया अपडेट, 26 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम?

Jan 18, 2026 07:11 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली आज एक बार फिर घने कोहरे की चादर में लिपटी दिखी। शनिवार रात से ही कोहरा छाया हुआ है, जो रविवार को और अधिक घना हो गया। कोहरे के चलते सफदरजंग इलाके में विजिबिलटी घटकर जीरो रह गई, हालांकि पालम में विजिबिलिटी करीब 350 मीटर दर्ज की गई।  

दिल्ली पर आज फिर घने कोहरे का अटैक; बारिश को लेकर नया अपडेट, 26 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली आज एक बार फिर घने कोहरे की चादर में लिपटी दिखी। दिल्ली में शनिवार रात से ही कोहरा छाया हुआ है, जो रविवार को और अधिक घना हो गया। कोहरे के चलते सफदरजंग इलाके में तो विजिबिलटी घटकर जीरो रह गई, हालांकि पालम में विजिबिलिटी करीब 350 मीटर दर्ज की गई। अक्षरधाम से लेकर निजामुद्दीन और बारापुला से लेकर डीएनडी तक सभी जगह चारों ओर घना कोहरा ही कोहरा दिख रहा है। मौसम विभाग ने रविवार की सुबह दिल्ली में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था।

दिल्ली में हवा की दिशा बदलने की वजह से शनिवार को मौसम में खासा बदलाव देखने को मिला। दिनभर तेज धूप के चलते दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा हो गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से नीचे चल रहा है। अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

गलन में कमी के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को हल्के बादलों की आवाजाही रह सकती है। हवा की दिशा पूर्वी और दक्षिण पूर्वी बनी रहेगी। इसके चलते हवा में गलन कम होगी। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

दिल्ली के मौसम में शनिवार को तेज बदलाव देखने को मिला। सुबह छाया हल्का कोहरा दिन चढ़ने के साथ ही साफ हो गया और सुबह 10 बजे के बाद से ही तेज धूप निकल आई। मौसम विभाग की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 53 से 100 फीसदी तक रहा।

अब न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद

भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी 'स्काईमेट वेदर' के महेश पलावत ने कहा, “17 से 20 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि शुरू होने की उम्मीद है और अगले कुछ दिनों में हल्की शीतकालीन वर्षा होने की संभावना है।”

उन्होंने कहा कि 23 से 26 जनवरी के बीच एक और शीतलहर आने का अनुमान है, जब तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है।

दिल्ली में ग्रैप-4 फिर लागू

दिल्ली-एनसीआर में हवा एक बार फिर जहरीली हो गई। शनिवार को राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़कर 428 तक पहुंच गया, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा गया है। हालात बिगड़ते देख 24 दिन बाद दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-4 की पाबंदियां दोबारा लागू कर दी गईं। इसके तहत दिल्ली में निर्माण और ध्वस्तीकरण से जुड़े सभी कार्यों पर रोक लगा दी गई। साथ ही भारी वाहनों और ट्रकों के शहर में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के मुताबिक, शनिवार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 अंक पर था, जबकि रात 8 बजे तक यह स्तर बढ़कर 428 के अंक पर पहुंच गया। तेजी से बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए आयोग की ग्रैप समिति की आपात बैठक हुई। इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और हवा की धीमी गति की वजह से प्रदूषक कणों का विसर्जन बेहद धीमा हो गया है। इससे प्रदूषण स्तर तेजी से बढ़ेगा। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा को और भी खराब होने से बचाने के लिए ग्रैप चार की पाबंदियों को लगाने का निर्णय लिया गया। दिल्ली में ग्रैप एक, दो और तीन के चरण पहले से ही लागू हैं। इसके साथ ही अब ग्रैप-4 की पाबंदियां भी लागू कर दी गई हैं।

24 दिन बाद फिर लौटीं सबसे कड़ी पाबंदियां

प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप चार की पाबंदियां सबसे ज्यादा सख्त हैं। पिछले साल 13 दिसंबर को तेजी से बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रैप चार की पाबंदियां लगाई गई थीं। बाद में जब प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार हुआ तो 24 दिसंबर को ग्रैप-4 की पाबंदियां वापस ले ली गईं थी। मगर शनिवार को एक बार फिर से ग्रैप चार की पाबंदियां लगाने की जरूरत पड़ गई।

ये पाबंदियां लागू हुईं

● दिल्ली में ट्रकों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी, इसमें आवश्यक वस्तुओं, सेवाओं वाले ट्रकों को छूट मिलेगी

● सार्वजनिक परियोजनाओं में निर्माण और ध्वस्तीकरण पर पाबंदी रहेगी

● दिल्ली-एनसीआर में छठी से नौवीं और 11वीं की कक्षाएं हाईब्रिड मोड में चलेंगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें