Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi water quality testing labs nabl accreditation failure health risk
पानी की गुणवत्ता जांच में दिल्ली फिसड्डी, 8% से कम सरकारी लैब्स को मिली NABL मान्यता

पानी की गुणवत्ता जांच में दिल्ली फिसड्डी, 8% से कम सरकारी लैब्स को मिली NABL मान्यता

संक्षेप:

दिल्ली में जल गुणवत्ता जांचने वाली 25 से अधिक सरकारी लैब्स में से केवल 8% के पास ही NABL मान्यता है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी कम है और राजधानी के निवासियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

Jan 02, 2026 12:35 pm ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

राजधानी दिल्ली में पानी की गुणवत्ता जांच करने वाली सरकारी लैब्स की हालत बेहद चिंताजनक है। जहां पूरे देश में जल जीवन मिशन के तहत पानी जांच लैब्स को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतारने की मुहिम चल रही है, वहीं दिल्ली सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे पीछे है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सिर्फ 8% से कम लैब्स ही मान्यता प्राप्त

टीओआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली सरकार के अधीन 25 से ज्यादा सार्वजनिक पानी और वेस्टवाटर जांच लैब्स हैं, लेकिन इनमें से केवल दो को ही NABL (नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेटरीज) की मान्यता मिली हुई है। वो भी दिल्ली जल बोर्ड के हैदरपुर और वजीराबाद जोनल लैब्स को। बाकी दिल्ली जल बोर्ड लैब्स की मान्यता अक्टूबर में खत्म हो चुकी है। सबसे चौंकाने वाली बात ये कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की वो मुख्य लैब, जो यमुना नदी के पानी की मासिक जांच करती है और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) पर निर्भर रहती है, वो भी NABL मान्यता से वंचित है।

NABL मान्यता क्यों जरूरी?

NABL एक स्वायत्त संस्था है जो सुनिश्चित करती है कि लैब्स के टेस्ट रिजल्ट वैश्विक स्तर के सटीक और विश्वसनीय हों। बिना इस मान्यता के रिपोर्ट्स को कोर्ट या अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां मान्य नहीं मानतीं। मतलब, वो बस कागज का टुकड़ा भर रह जाती हैं।

अन्य राज्यों का क्या हाल?

जल शक्ति मंत्रालय के दिसंबर दस्तावेज के मुताबिक तमिलनाडु, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड में 100% सार्वजनिक लैब्स मान्यता प्राप्त हैं। वहीं हरियाणा में 98%, असम में 94%, उत्तर प्रदेश में 66% लैब्स को मान्यता है। अंडमान-निकोबार में 11 में से सिर्फ एक को मान्यता मिली है। लेकिन दिल्ली का आंकड़ा 8% से भी कम है। देशभर में जल जीवन मिशन के तहत करीब 2,847 पानी जांच लैब्स हैं, जिनमें से 59% (1,678) NABL मान्यता प्राप्त हैं। दिल्ली इसमें फिसड्डी साबित हो रही है।

स्वास्थ्य पर गहरा असर

इस साल दिल्ली में हैजा के मामलों में तेज उछाल देखा गया। दूषित पानी और अपशिष्ट से जुड़ी समस्याओं ने लोगों की सेहत को खतरे में डाल दिया है। पुरानी पाइपलाइनें, औद्योगिक कचरा और प्रदूषण – ये सब पानी की गुणवत्ता को खराब कर रहे हैं।

एक पर्यावरण कार्यकर्ता पंकज कुमार (टीम अर्थ वॉरियर) कहते हैं, "राजधानी के लिए ये राष्ट्रीय शर्म की बात है। बिना NABL के टेस्ट रिपोर्ट्स बेकार हैं। यमुना और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स की सही निगरानी नहीं हो रही।"

आरटीआई से मिले डेटा में खुलासा हुआ कि जून 2025 में 37 STP प्लांट्स में से ज्यादातर मानकों पर खरे नहीं उतरे। ये फैकल कोलीफॉर्म, BOD, TSS जैसे पैरामीटर में फेल रहे। लेकिन DPCC के डेटा में सब फिट दिखाया गया। ये अंतर सवाल उठाता है कि जांच कितनी भरोसेमंद है?

उम्मीद की किरण?

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड ने कुछ लैब्स के लिए NABL आवेदन किया है। DPCC से इस पर कोई जवाब नहीं मिला। उम्मीद है कि जल्द सुधार होंगे, वरना राजधानीवासियों का स्वास्थ्य खतरे में रहेगा।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।